दिल्ली की CM 1.5 लाख तो मंत्री 1.25 लाख का फोन लेंगे: AAP बोली- किसी का तो विकास हो रहा है; BJP का जवाब- केजरीवाल ने 4.53 लाख के 4 फोन लिए
Published:
3 min read

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता अपनी कैबिनेट के साथ।
दिल्ली में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के फोन के लिए बजट में बदलाव किया गया है। अब सीएम रेखा गुप्ता 1.5 लाख के फोन का इस्तेमाल करेंगी तो वहीं मंत्री 1.25 लाख तक का फोन ले सकेंगे। इसे लेकर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। AAP ने कहा, CM और मंत्री 1.5 /1.25 लाख का फोन और अनलिमिटेड बिल की योजना पास हुई है, विकास होना चाहिए , किसी का तो हो रहा है। इसके जवाब में बीजेपी ने कहा- पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने 2015 से 2022 तक के बीच में 4.53 लाख के 4 फोन बदले, ये तय बजट से ज्यादा थे।
दरअसल, दिल्ली के सामान्य प्रशासन विभाग ने 9 जुलाई को मुख्यमंत्री और मंत्रियों के फोन खरीदने के लिए नया बजट तय किया। फोन के लिए मंत्रियों के लिए 1.25 लाख रुपये तो सीएम के लिए 1.50 लाख तक का बजट तय किया गया। इससे पहले 2013 में यह बजट तय किया गया था, तब सीएम के लिए 50 हजार और मंत्रियों के लिए 45 हजार तक निर्धारित किए गए थे।
फोन का बजट बढ़ाने पर AAP ने घेरा
आप नेता और पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज ने इसे लेकर रेखा गुप्ता की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट में लिखा, दिल्ली भाजपा की मुख्यमंत्री और मंत्रियों को बधाई। CM और मंत्री 1.5 /1.25 लाख का फोन और अनलिमिटेड बिल की योजना पास हुई है, विकास होना चाहिए , किसी का तो हो रहा है।
उन्होंने महिला सम्मान निधि की ओर इशारा करते हुए कहा, 2500 नहीं भी दिए तो क्या, प्राइवेट स्कूल फीस बढ़ी तो क्या, दिल्ली में खूब जल भराव हुआ तो क्या, बारिश में घंटों ट्रैफिक जाम तो क्या, हजारों विधवाओं की पेंशन काटी तो क्या, गरीब का मकान टूटा तो क्या। महिलाओं को 2500 देने पर कमेटी बना दी, 8 मार्च निकल गई, कमेटी कमेटी खेल रहे हैं। किसी एक महिला को 2500 नहीं दिए। अपने फोन लिए भी कोई कमेटी बना देते, वर्षों तक चर्चा करते कितने का फोन होना चाहिए।
BJP ने किया पलटवार
दिल्ली सरकार में ऊर्जा मंत्री और बीजेपी नेता आशीष सूद ने इस पूरे विवाद पर जवाब दिया। उन्होंने दिल्ली में केजरीवाल सरकार के दौरान खरीदे गए फोन की कीमत को लेकर आप पर पलटवार किया। आशीष सूद ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, आतिशी समेत अन्य मंत्रियों पर नियमों का उल्लंघन कर तय बजट से ज्यादा कीमत पर फोन खरीदने का आरोप लगाया। सूद ने कहा, अब मोबाइल फोन कोई आरामदायक वस्तु नहीं रहा। फोन पर व्हाट्सएप, ई-मेल के माध्यम से सीएम और मंत्रियों को तमाम शिकायतें मिलती हैं।
उन्होंने दिल्ली सरकार के दस्तावेजों के हवाले से आरोप लगाया, 2015 से 2022 तक केजरीवाल ने 4,53,800 रुपये के चार फोन खरीदे। केजरीवाल ने इस दौरान आईफोन 6s प्लस, 7 प्लस, 12 और 13 प्रो मैक्स खरीदे। इनकी कीमत 453800 रुपये थी। वहीं, पूर्व डिप्टी सीएम सिसोदिया ने 2017 से 2022 के बीच 5.23 हजार के फोन खरीदे। सूद ने कहा, इन फोन की खरीद 50 हजार और 45 हजार की लिमिट से ऊपर जाकर की गई।

