दिल्ली-764: दो स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस
Published:
2 min read

फाइल फोटो
दिल्ली के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ये धमकी मेल के जरिए दी गई है। सूचना मिलने के बाद जांच के लिए स्कूल में पुलिस की टीमें पहुंच गई हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, द्वारका और चाणक्यपुरी के दो स्कूलों में मेल के जरिए बम की धमकी मिली है। ईमेल मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत एक्शन में आ गई और दोनों स्कूलों में टीमें जांच में जुट गई हैं।
सर्च के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला- पुलिस
दिल्ली पुलिस ने बताया कि 14 जुलाई की सुबह द्वारका उत्तर पुलिस थाने में दो स्कूलों में बम की धमकी वाला ईमेल मिलने की सूचना आई थी। इसके बाद पूरे इलाके की तलाशी ली गई। पुलिस, पीसीआर, डॉग स्क्वाड, बम डिस्पोजल स्क्वाड स्कूल पहुंचे और जांच की गई। अभी तक कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है। साइबर पुलिस ईमेल के सोर्स का पता लगाने की कोशिश में जुट गई है।
12 राज्यों में धमकी देने के मामले में युवती गिरफ्तार
इससे पहले भी स्कूलों और कई महत्वपूर्ण जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिलती रही है। पिछले दिनों गुजरात पुलिस ने चेन्नई की रहने वाली रेने जोशिल्दा को गिरफ्तार किया था। रेने ने 12 राज्यों की अलग अलग जगहों पर बम की धमकी दी थी। रेने ने महाराष्ट्र, तमिलनाडु, राजस्थान, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, बिहार, तेलंगाना, पंजाब, मध्य प्रदेश और हरियाणा की कई जगहों को बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल किए थे।
रेने चेन्नई की मल्टीनेशनल कंपनी में काम करती है। उसने अपने साथ काम करने वाले दिविज प्रभाकर से बदला लेने के लिए डार्क वेब के जरिए ये धमकी भरे मेल किए थे। रेने दिविज से एक तरफा प्यार करती थी और दिविज ने उससे शादी करने के लिए मना कर दिया था। ऐसे में रेने ने दिविज के नाम पर मेल आईडी बनाकर ये सारे धमकी भरे मेल भेजे थे।

