दिल्ली में मुठभेड़: भोपाल के ईरानी गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, पिस्टल और चोरी की बाइक बरामद; 46 केस दर्ज
Published:
2 min read

भोपाल के कुख्यात बदमाश मुर्तजा अली और सिराज अली दिल्ली में गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने भोपाल के चर्चित ईरानी गैंग के दो कुख्यात बदमाशों मुर्तजा अली और सिराज अली को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ दिल्ली के इंद्रप्रस्थ पार्क के पास हुई। पुलिस ने बताया, बदमाशों के खिलाफ मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश कर्नाटक समेत कई राज्यों में लूट और चोरी के 46 मामले दर्ज हैं।
मुठभेड़ में घायल होने के बाद अस्पताल में कराया गया भर्ती
दोनों बदमाश भोपाल के करोंद स्थित अमन कॉलोनी के रहने वाले हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, भोपाल के ईरानी गैंग के बदमाशों के दिल्ली में छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस और एसटीएफ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, इसमें दोनों घायल हो गए। इसके बाद दोनों को अस्पताल भेजा गया है।
चोरी की नियत से दिल्ली पहुंचे बदमाश
पुलिस के मुताबिक, बदमाश चोरी की नीयत से दिल्ली पहुंचे थे। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से तीन राउंड फायर किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों बदमाश गैंग के चार और साथियों के साथ दिल्ली पहुंचे थे। पुलिस ने बाकी साथियों की तलाश शुरू कर दी है।

