केरल कांग्रेस ने लिखा B फॉर बिहार और B फॉर बीड़ी: BJP-JDU के विरोध के बाद माफी मांगी; कहा- मोदी पर हमारे तंज को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा
Published:
3 min read

केरल कांग्रेस ने शुक्रवार को बिहार की बीड़ी से तुलना करने वाली पोस्ट पर ढाई घंटे के अंदर माफी मांग ली। (फोटो- केरल कांग्रेस के दोनों पोस्ट्स के स्क्रीनशॉट)
नेशनल डेस्क। केरल कांग्रेस की एक पोस्ट पर शुक्रवार को विवाद हाे गया। GST रिफॉर्म्स पर टिप्पणी करते हुए केरल कांग्रेस ने लिखा– बीड़ी और बिहार दोनों B से हैं, बीड़ी को अब गुनाह (पाप) नहीं माना जाएगा। बीड़ी को बिहार से जाेड़ने पर BJP और JDU नेताओं ने इसे बिहार और बिहारियों का अपमान बताया। विवाद बढ़ने पर कांग्रेस ने पहले तो पोस्ट डिलीट कर दी और माफी मांग ली।
केरल कांग्रेस ने इस बयान से जुड़े एक न्यूज का स्क्रीनशॉट अटैच करते हुए X पर पोस्ट किया- हम देख रहे हैं कि GST रेट को लेकर मोदी के चुनावी नाटक पर हमारे व्यंग्य को तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। अगर आपको दुख हुआ है, तो माफी चाहते हैं।
करीब ढाई घंटे में माफी मांगी
केरल कांग्रेस ने शुक्रवार की सुबह 10.34 बजे बिहार और बीड़ी की तुलना करने वाली पोस्ट की। हालांकि, करीब ढाई घंटे बाद 12.50 बजे अपनी इस पोस्ट को लेकर माफी मांग ली।
यह कांग्रेस का असली चेहरा- सम्राट चौधरी
बिहार के डिप्टी CM और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने कहा–पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की पूज्य माता का अपमान और अब पूरे बिहार का। यही कांग्रेस का असली चेहरा है। जनता इसका जवाब विधानसभा चुनाव में देगी। JDU नेता ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि B से बुद्धि भी होता है।
पूनावाला ने पूछा- क्या तेजस्वी इस बात से सहमत
BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने वीडियो जारी कर कहा– अगर B का मतलब बिहार (Bihar) और बीड़ी (Beedi ) है, तो C का मतलब कांग्रेस (Congress) और करप्शन (Corruption) भी है। उन्होंने पूछा कि क्या RJD नेता तेजस्वी यादव भी इस बयान से सहमत हैं।
JDU ने भी जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी JDU ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने लिखा– B का मतलब बीड़ी ही नहीं, बुद्धि भी होता है, जो आपके पास नहीं है। B का मतलब बजट भी है। बिहार को स्पेशल असिस्टेंस मिलने पर आपको चुभता है। कांग्रेस बिहार के गौरवशाली इतिहास और लोकतंत्र का मजाक उड़ा रही है। इस तरह की सोच साबित करती है कि कांग्रेस को आम जनता की इज्जत की कोई परवाह नहीं।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया से पोस्ट हटाया
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने सोशल मीडिया से पोस्ट तो डिलीट कर दी, लेकिन पार्टी के किसी राष्ट्रीय नेता ने अब तक कोई ऑफिशियल प्रतिक्रिया नहीं दी है। BJP और JDU ने इस मुद्दे को क्षेत्रीय अस्मिता से जोड़ दिया है। बिहार में नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने वाला है। इससे पहले इस बयान ने कांग्रेस को बैकफुट पर ला दिया है।
GST काउंसिल ने बीड़ी पर घटाया टैक्स
दरअसल, विवाद की जड़ GST काउंसिल का हालिया फैसला है। अब बीड़ी पर टैक्स 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है, जबकि सिगरेट और तंबाकू उत्पादों पर टैक्स बढ़ाकर 40% कर दिया गया। बीड़ी रैपर लीफ यानी तेंदू पत्तों पर टैक्स 18% से घटाकर 5% कर दिया गया। GST काउंसिल ने टैक्स स्लैब को भी चार से घटाकर दो करने का प्रस्ताव रखा है। कांग्रेस ने इसी को आधार बनाकर व्यंग्य करने की कोशिश की, लेकिन बिहार का नाम घसीटने से दांव उल्टा पड़ गया।

