'जहर खा लूंगा, BJP के साथ नहीं जाऊंगा' : चिराग ने याद किया पुराना किस्सा, बताया कैसे 2014 में NDA के साथ आए थे पिता रामविलास पासवान?
Published:
2 min read

2014 में एनडीए में शामिल हुई थी एलजेपी
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनके पिता 2014 में बीजेपी के साथ आने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने चिराग से कहा था कि वे जहर खा लेंगे लेकिन बीजेपी के साथ नहीं जाएंगे। इसी के चिराग ने ये भी खुलासा किया कि आखिर कैसे वे NDA में साथ आने के लिए तैयार हो गए।
चिराग पासवान ने Jist को दिए इंटरव्यू में बताया, 'उन्होंने (पिता) ने कहा था कि मैं बीजेपी के साथ जाने के बजाय जहर खा लेंगे। इसे सुनकर मैं शांत हो गया।' रामविलास पासवान का 2020 में निधन हो गया था। इससे पहले वे कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए और एनडीए सरकार में कई बार मंत्री रहे हैं।
तमाम कोशिशों के बावजूद जब राहुल से नहीं मिल पाए चिराग
चिराग ने यह भी बताया कि नवंबर 2013 से फरवरी 2014 तक वे तीन महीने की कोशिश के बावजूद राहुल गांधी से नहीं मिल पाए थे। यह सब राम विलास पासवान के बीजेपी के साथ जाने से पहले हुआ।
चिराग ने बताया, हम उस समय कई बार सोनिया गांधी जी से मिले। कांग्रेस की ओर से कहा गया कि जल्द राहुल गांधी के साथ मीटिंग कराई जाएगी। लेकिन मीटिंग कभी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि पिता की जहर वाली टिप्पणी के बाद उनमें कभी इतनी हिम्मत नहीं हुई कि वे एनडीए के साथ आने को लेकर कुछ कह सकें। लेकिन बाद में ऐसी स्थिति बन गई कि किसी तरह गठबंधन संभव हो गया।
क्या सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे चिराग पासवान
चिराग पासवान से इंटरव्यू के दौरान उस बयान को लेकर भी सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। इस पर चिराग ने कहा, मैंने कहा था कि मैं सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ूंगा और सभी सीटों पर पूरे दमखम से चुनाव मैदान में उतरूंगा।

