भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य गिरफ्तार: जन्मदिन के दिन ED ने किया अरेस्ट, पूर्व CM बोले- गिफ्ट के लिए धन्यवाद; छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में हुआ एक्शन
Published:
3 min read

चैतन्य बघेल और भूपेश बघेल (फाइल फोटो)
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को सीबीआई ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में ये एक्शन लिया है। चैतन्य को उनके जन्मदिन के दिन गिरफ्तार किया गया है। इस पर भूपेश बघेल ने कहा, मेरे बेटे चैतन्य के जन्मदिन पर इन तोहफों के लिए धन्यवाद।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में मानसून सत्र चल रहा है। ऐसे में पूर्व सीएम के बेटे की गिरफ्तारी को सदन में हंगामा हुआ, इसके चलते सदन की कार्यवाही को रोकना पड़ा।
ताउम्र याद रहेगा- भूपेश बघेल
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, जन्मदिन का जैसा तोहफा मोदी और शाह जी देते हैं वैसा दुनिया के किसी लोकतंत्र में और कोई नहीं दे सकता। मेरे जन्मदिन पर दोनों परम आदरणीय नेताओं ने मेरे सलाहकार और दो ओएसडी के घरों पर ईडी भेजी थी। और अब मेरे बेटे चैतन्य के जन्मदिन पर मेरे घर पर ईडी की टीम छापामारी कर रही है। इन तोहफों का धन्यवाद। ताउम्र याद रहेगा।
हम न डरेंगे न झुकेंगे- भूपेश बघेल
भूपेश बघेल ने कहा, आज मेरे बेटे को उसके जन्मदिन पर गिरफ्तार किया गया है। पहले कवासी लखमा को टारगेट किया, देवेंद्र यादव को टारगेट किया और अब वे मेरे बेटे को निशाना बना रहे हैं, ताकि कोई अडानी के खिलाफ आवाज न उठा सके। हम न डरेंगे, न झुकेंगे।
क्या है छत्तीसगढ़ का शराब घोटाला
छत्तीसगढ़ में बघेल शासन के दौरान शराब की बिक्री से अवैध वसूली का आरोप लगा था। ईडी का आरोप है कि सरकारी अधिकारियों, नेताओं और शराब कारोबारियों ने 2019 से 2022 तक 2162 करोड़ की अवैध वसूली की। इस मामले में ईडी पहले भी कांग्रेस के कई नेताओं और अधिकारियों से जुड़े ठिकानों पर रेड डाल चुकी है।
ईडी को जांच में पता चला थधा कि तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा को घोटाले से हर महीने मोटी रकम मिलती थी। शराब बनाने वाली कंपनियों से शराब खरीदने के एवज में रिश्वत ली जाती थी। ईडी ने जनवरी में लखमा को गिरफ्तार किया था। ईडी का आरोप है कि इसमें चैतन्य बघेल की भी मिलीभगत है। सूत्रों के मुताबिक, चैतन्य को जांच में सहयोग न करने पर गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले शुक्रवार को ही ईडी ने दुर्ग के भिलाई में स्थित भूपेश बघेल के घर पर छापेमारी की थी। भूपेश बघेल के खिलाफ सीबीआई महादेव बैटिंग एप घोटाले में भी जांच कर रही है।

