धर्मांतरण गिरोह के मास्टरमाइंड छांगुर बाबा के ठिकाने जमींदोज: प्रशासन ने बुलडोजर चलाया; योगी बोले- ऐसी सजा देंगे..मिसाल बन जाएगी
Published:
3 min read

छांगुर बाबा धर्मांतरण रैकेट चलाता था।
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में धर्मांतरण रैकेट चलाने वाला जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा के ठिकानों पर बड़ा एक्शन हुआ है। प्रशासन ने छांगुर बाबा के अवैध रूप से बनाए गए मकान और अन्य संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया। प्रशासन ने बताया कि ये सभी संपत्तियां अवैध तरीके से बनाई गई थीं, जिनका इस्तेमाल धर्मांतरण नेटवर्क के लिए होता था।
बता दें, यूपी ATS ने बलरामपुर में एक बड़े धर्मांतरण रैकेट का पर्दाफाश किया है। छांगुर बाबा इसका मास्टरमाइंड था। वो गैर मुस्लिम लड़कियों को बहला-फुसलाकर पैसे के दम पर धर्म परिवर्तन कराता था। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है।
धर्मांतरण के लिए रेट लिस्ट भी बनाई थी
छांगुर बाबा अपने गिरोह के साथ मिलकर गरीब, मजदूर, महिलाओं और विधवाओं का जबरन धर्म परिवर्तन कराता था। इसके लिए उन्हें पैसों का लालच और धमकी देता था।
पुलिस के मुताबिक, छांगुर बाबा ने अपने नेटवर्क के जरिए गैर मुस्लिमों को इस्लाम कबूल करवाने के लिए एक रैकेट बनाया था। इस रैकेट के मेंबर्स लोगों को शादी, आर्थिक मदद और नौकरी का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराते थे। जांच में सामने आया कि छांगुर बाबा के गिरोह ने धर्मांतरण के लिए बाकायदा रेट लिस्ट भी बनाई थी। लड़कियों को शादी करने और धर्म परवर्तन के एवज में 8 से 15 लाख रुपए दिए जाते थे।
लखनऊ में छिपकर बैठा था
पुलिस ने छांगुर बाबा और उसकी सहयोगी नीतू उर्फ नसरीन को 5 जुलाई को लखनऊ से गिरफ्तार किया। नसरीन उसकी प्रेमिका बताई जा रही है। छांगुर बाबा ने उसका भी धर्म परिवर्तन कराया था। छांगुर बाबा और नसरीन लखनऊ के एक होटल में दो महीने से ज्यादा समय से रह रहे थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
40 खातों से 100 करोड़ का लेन-देन
जांच में यह भी पता चला कि छांगुर बाबा के गिरोह के पास 40 से ज्यादा बैंक खाते थे। इनमें 100 करोड़ रुपए से अधिक का लेन-देन हुआ है। यह पैसा विदेशों खासकर खाड़ी देशों से आया था। छांगुर बाबा ने 40 से ज्यादा बार विदेश यात्रा भी की थी।
योगी बोले- सजा ऐसी देंगे कि मिसाल बन जाए
यूपी CM योगी आदित्यनाथ ने छांगुर बाबा को जल्लाद कहा है। उन्होंने कहा कि छांगुर बाबा ने महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ किया है। उसकी गतिविधियां न केवल समाज विरोधी, बल्कि राष्ट्र विरोधी भी हैं। उसे ऐसी सजा देंगे, जो मिसाल कायम करेगी।
मामले सामने कैसे आया
बीते कुछ समय से बलरामपुर में धर्मांतरण की खबरें आने लगी थीं। वहां से सटे नेपाल में भी ऐसे केसेज सुनने को मिले थे। बाद में कुछ हिंदू संगठनों ने लोगों की 'घर वापसी' करानी शुरू की। ऐसे में कुछ महिलाएं अपनी आप बीती सुनाने लगीं। तब जाकर इसमें छांगुर बाबा की सक्रियता पता चली। इसके बाद यूपी ATS ने बड़े लेवल पर जांच कर इस रैकेट का पर्दाफाश किया।

