शो के खिलाफ फर्जी FIR करने पर साफ-सफाई की सजा मिली: बॉम्बे HC ने कहा- 15 दिनों तक हॉस्पिटल में काम करें, आदेश न मानने पर कार्रवाई होगी
Published:
2 min read

एंटरटेनमेंट न्यूज. एक शख्स ने जी टीवी के शो ‘तुम से तुम तक’ के खिलाफ झूठी FIR की थी। इस पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने शख्स को मुंबई के JJ हॉस्पिटल में 15 दिन तक साफ-सफाई करने की सजा सुनाई है। हाईकोर्ट ने साफ कहा कि अगर इस आर्डर को न माना गया, तो शख्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जस्टिस रवींद्र घुगे और गौतम अंकद की डिवीजन बेंच ने इस मामले की सुनवाई की। कोर्ट ने शिकायतकर्ता की पहचान पर सवाल उठाते हुए कहा- जिस नाम से FIR है वो महेंद्र संजय शर्मा का है। पहले उन्होंने साइबर सेल को अपना नाम 'सुनील शर्मा' बताया। बाद में कोर्ट में खुद को 'सुनील महेंद्र शर्मा' कहा। जबकि आधार कार्ड और पैन कार्ड में उनका नाम 'महेंद्र संजय शर्मा' था।
बेंच ने शिकायतकर्ता की सारी दलीलों को खारिज करते हुए कहा- उनकी FIR सिर्फ सोशल मीडिया की खबरों पर आधारित थीं। फर्जी नाम और पहचान छिपाकर शिकायत करना ज्यूडिशियल सिस्टम में बाधा डालना है। ऐसा लगता है इस तरह की हरकत किसी कॉम्पिटेटिव चैनल के इशारे पर की गई है।

क्या है ‘तुम से तुम तक’ की कहानी?
शो की कहानी एक 19 साल की लड़की अनु और 46 साल के बिजनेसमैन आर्यवर्धन की लव स्टोरी पर बेस्ड है। यह शो जी टीवी पर 7 जुलाई 2025 से स्ट्रीम हो रहा है।
शो में निहारिका चौकसे और शरद केलकर लीड रोल के तौर पर काम कर रहे हैं। जब शो का टीजर रिलीज हुआ था, तब लोगों ने इसे ट्रोल करना शुरू कर दिया था। लोगों का कहना था कि शो में 27 साल बड़े व्यक्ति के साथ एक लड़की को रोमांस करते दिखाया गया है। यह सरासर गलत है। हालांकि मेकर्स का कहना है- यह शो समाज की सोच को चुनौती देता है।

