टी राजा का BJP से इस्तीफा: रामचंद्र राव को तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष बनाने का किया विरोध, एक दिन पहले अमित शाह से भी मिले थे
Published:
2 min read

बीजेपी MLA टी राजा का पार्टी से इस्तीफा।
तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। एक दिन पहले टी राजा ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ बेगमपेट एयरपोर्ट पर मुलाकात भी की थी। गोशामहल विधानसभा सीट से विधायक टी राजा सिंह ने ये कदम एन रामचंद्र राव को तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष बनाने के विरोध में उठाया। हालांकि, रामचंद्र राव के नाम का अभी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के पद पर अकेले उन्होंने ही नामांकन दाखिल किया है।
टी राजा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस्तीफे की कॉपी शेयर की। उन्होंने लिखा, चुप रहने को सहमति नहीं समझना चाहिए। मैं अपने खुद के लिए नहीं बोलता, लेकिन असंख्य कार्यकर्ता और वोटर्स जो विश्वास के साथ खड़े हैं, आज वह खुद को निराश महसूस कर रहे हैं।
'रामचंद्र राव को अध्यक्ष बनाना निराशाजनक'
टी राजा सिंह ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष जी किशन रेड्डी को 2 पेज का इस्तीफा लिखा है। टी राजा सिंह ने अपने इस्तीफे में लिखा कि यह पत्र भारी मन से लिख रहा हूं। जैसा की मीडिया रिपोर्ट में आया है कि रामचंदर राव को तेलंगाना का बीजेपी अध्यक्ष बनाया जाना तय हुआ है। यह निर्णय आश्चर्यभरा और निराशाजनक है, ना सिर्फ मेरे लिए बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं के लिए भी। उन्होंने लिखा कि प्रदेश में पार्टी के पास कई बड़े और सक्षम नेता हैं।
तीन बार के विधायक, तीन बार छोड़ चुके बीजेपी
टी राजा सिंह पहले टीडीपी में थे। वे 2014 में बीजेपी में शामिल हुए। वे 2014, 2019 और 2023 में तीन बार बीजेपी के टिकट पर गोशामहल से विधायक चुने गए। वे तीन बार बीजेपी भी छोड़ चुके हैं।
इससे पहले 2018 में टी राजा सिंह ने गोरक्षा के मुद्दे पर बीजेपी से अपना इस्तीफा दे दिया था। बाद में वे फिर बीजेपी में शामिल हो गए थे। 2022 में उनके एक बयान को लेकर बीजेपी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया था। लेकिन 2023 विधानसभा चुनाव में उन्हें फिर से उम्मीदवार बनाया गया और वे चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।

