कर्नाटक में सुरजेवाला ने मंत्रियों की बैठक ली: : BJP-JDS का तंज- राज्य में 'रणदीप शासन', कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें सुपर CM बनाकर भेजा
Published:
3 min read

कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला
कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने लगातार तीसरे दिन बुधवार को एक-एक कर कई मंत्रियों के साथ बैठक की। इसे लेकर बीजेपी और JD(S) ने सुरजेवाला को 'सुपर सीएम' बताते हुए कांग्रेस पर तंज कसा है। इतना ही नहीं विपक्ष ने इसे कर्नाटक में 'रणदीप शासन' भी बताया।
विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने दावा किया, कांग्रेस आलाकमान को सीएम सिद्धारमैया पर भरोसा नहीं रहा, इसलिए कर्नाटक में 'रणदीप शासन' लागू कर दिया है।
विधायकों के बाद मंत्रियों के साथ सुरजेवाला की मीटिंग
कांग्रेस नेता सुरजेवाला की मंत्रियों के साथ बैठकों का बुधवार को तीसरा दिन था। कांग्रेस की ओर से कहा जा रहा है कि बैठकों का उद्देश्य मंत्रियों की शिकायतों को समझना, कामकाज को रिव्यू करना और पार्टी विधायकों द्वारा मंत्रियों के खिलाफ की गई शिकायतों का समाधान करना है। इससे पहले सुरजेवाला ने विधायकों के साथ दो राउंड मीटिंग की थी।
कर्नाटक में 'रणदीप शासन' लगाया गया- बीजेपी
बीजेपी नेता आर अशोका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'कांग्रेस आलाकमान का विश्वास पूरी तरह से लॉटरी सीएम सिद्धारमैया से खो गया है। इसलिए कर्नाटक में 'रणदीप शासन' लगाया गया है। सुरजेवाला कांग्रेस दफ्तर में नाराज विधायकों की शिकायतें सुन रहे हैं और 5 स्टार होटलों में मंत्रियों के काम का रिव्यू कर रहे हैं, इसमें कोई आश्चर्य नहीं होगा, अगर वे विधानसौदा में होने वाली गुरुवार की कैबिनेट मीटिंग का भी नेतृत्व करें।'
'राहुल गांधी के पास पसंद का सीएम बनाने की ताकत नहीं'
आर अशोक ने आगे लिखा, सीएम सिद्धारमैया का प्रशासन पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। डिप्टी सीएम शिवकुमार के पास विधायकों का समर्थन नहीं है और राहुल गांधी के पास अपनी पसंद का सीएम बनाने की ताकत नहीं है। कर्नाटक में कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि उसके पास एक भी ऐसा नेता नहीं है, जो सीएम का पद संभाल सके।
सिद्धारमैया ने सुरजेवाला को सरकार सौंप दी- जेडीएस
उधर, जेडीएस नेता निखिल कुमारस्वामी ने कहा, 'कर्नाटक के सुपर सीएम के रूप में सुरजेवाला की पदोन्नति पर बधाई। लगता है कि निर्वाचित सीएम ने सुरजेवाला को सरकार चलाने के लिए GPA सौंप दिया है।' निखिल कुमारस्वामी ने दावा किया, लोकतांत्रिक रूप से चुने गए विधायक अब अपने क्षेत्र की विकास निधि के लिए 'सुरजेवाला सरकार' के आगे झुकने को मजबूर हैं।
निखिल कुमारस्वामी ने राज्य में कांग्रेस की आंतरिक कलह की ओर इशारा करते हुए कहा, "सिद्धारमैया निवर्तमान CM हैं, डी के शिवकुमार नए हैं, लेकिन सुरजेवाला पहले से ही शासन कर रहे हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक को कठपुतली राज्य बना दिया है और लोकतंत्र का मजाक बना रही है।

