'वे पाकिस्तान जा सकते हैं, हम नहीं': पंजाब CM मान ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, दिलजीत दोसांझ की फिल्म का किया बचाव
Published:
3 min read

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फिल्म सरदार जी 3 का बचाव किया
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने दिलजीत दोसांझ की फिल्म सरदार जी 3 का बचाव किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। सीएम मान ने कहा, वे (पीएम मोदी) पाकिस्तान जा सकते हैं तो हम क्यों नहीं?
दरअसल, पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ की फिल्म सरदार जी 3 में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर लीड रोल में हैं। इसी वजह से फिल्म का विरोध हो रहा है। पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर पर पाकिस्तानी एक्टर्स के बयान को लेकर भी उनकी काफी आलोचना हुई थी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस पर बयान दिया कि आप हमें देशभक्ति का सर्टिफिकेट नहीं दे सकते। हमारी भाषा एक है, वे (पाकिस्तानी) भी हमारी तरह पंजाबी बोलते हैं। आप कहते हैं कि दिलजीत की फिल्म यहां रिलीज नहीं होगी। कभी आप दिलजीत को गद्दार कहते हैं, तो कभी सरदार। सीएम मान ने कहा - बड़ी अजीब बात है कि आपको लगता है कि आप हमें देश भक्ति का प्रमाण पत्र दे सकते हैं। प्लीज हमारे साथ ये खेल मत खेलो, हम थक चुके है।
पीएम मोदी की PAK यात्रा पर भी किए सवाल
सीएम मान ने पंजाब विधानसभा में शुक्रवार को पीएम मोदी के 2015 के पाकिस्तान दौरे पर सवाल खड़े किए। सीएम मान ने कहा, ऐसा लगता है कि जब प्रधानमंत्री अपने प्लेन से नीचे देखकर पूछते होंगे, यह कौन सा देश है? बताया जाता होगा कि फलां देश है तो प्रधानमंत्री कहते होंगे, हम जहां भी जा रहे हैं वहां एक घंटा देरी से पहुंच जाएंगे। अभी यहीं उतरते है। ऐसे ही पीएम कहीं भी उतर जाते है। ऐसे ही पाकिस्तान में भी उतर गए।
2015 में पीएम मोदी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मिलने अचानक पहुंच गए थे। इसी का जिक्र करते हुए कहते है- प्रधानमंत्री ने यूं ही पाकिस्तान जाने का फैसला कर लिया। उन्होंने बिरयानी खाई और वापस आ गए। हम पाकिस्तान नहीं जा सकते, लेकिन वो वहां उतर सकते हैं! मान ने कहा, आप पंजाब और हरियाणा के बिना खाना खा नहीं सकते। ये दोनो राज्य पूरे देश का 70 प्रतिशत अन्न पैदा करते हैं।
पाकिस्तान में रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही फिल्म
हालांकि भारत में फिल्म सरदार जी 3 पर कोई बैन नहीं है लेकिन फिल्म पर विवाद के चलते दिलजीत और फिल्म के प्रोड्यूसर ने तय किया है कि फिल्म को भारत में रिलीज नहीं करेंगे। यह फिल्म पाकिस्तान में जमकर कमाई कर रही है और बॉक्स-ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़ रही है। साउथ एशिया के देशों में फिल्म को लेकर बड़ी एक्साइटमेंट है खासकर पंजाबी प्रवासी देशों में।

