अखिलेश का दावा- BJP के कई विधायक हमारे संपर्क में: बोले- लेकिन उन्हें जगह कैसे दें, वादे करके तोड़ना नहीं चाहते
Published:
3 min read

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि कई BJP विधायक उनके संपर्क में हैं, लेकिन पार्टी में उन्हें शामिल करने की जगह को लेकर मुश्किल है। ()
नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी हलचल तेज होती दिख रही है। समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव ने बुधवार (30 सितंबर) को दावा किया कि BJP के कई विधायक उनके संपर्क में हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इन नेताओं को पार्टी में कैसे जगह दी जाए, यह एक बड़ी दिक्कत है।
लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश ने कहा- कई लोग संपर्क में हैं, लेकिन हम उन्हें जगह कैसे दें? हम ऐसे वादे नहीं करना चाहते, जिन्हें बाद में पूरा न कर पाएं।
अखिलेश का यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब यूपी में राज्यसभा चुनाव हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी अपने दो उम्मीदवार उतार चुके हैं और तीसरे प्रत्याशी के उतारने पर भी सस्पेंस चल रहा है।
कांग्रेस के साथ गठबंधन पर भी बोले अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि अगले साल होने वाले UP विधानसभा चुनाव में सपा उन्हीं सहयोगी दलों के साथ आगे बढ़ेगी, जिनके साथ उसने हाल के चुनाव लड़े हैं।
उन्होंने गठबंधन के ऐलान को लेकर कहा कि इसकी घोषणा जल्द की जाएगी। सपा और कांग्रेस के बीच UP विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन पर पहले से बातचीत चल रही है।
'BJP की बातों पर भरोसा मत करना'
अखिलेश यादव ने BJP पर निशाना साधते हुए लोगों से कहा कि वे BJP की बातों पर भरोसा न करें। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP का विकास मॉडल भ्रष्टाचार पर आधारित है।
राम मंदिर से जुड़े चंदे के मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि चंदे की चोरी से कोई बड़ी इकोनॉमी नहीं बनाई जा सकती। यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब राम मंदिर से जुड़े चंदे के इस्तेमाल को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।
INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल हुई सपा
बुधवार (30 सितंबर) को दिल्ली में हुई INDIA ब्लॉक की बैठक में समाजवादी पार्टी के नेता भी शामिल हुए। हालांकि अखिलेश यादव इसमें मौजूद नहीं थे। BJP लीडर्स कह रहे हैं कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है इसीलिए अखिलेश ने इस बैठक से दूरी बनाई।
बैठक में विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि विपक्षी दल 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘Save Democracy’ मार्च निकालेंगे। 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे। इसके अलावा अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में विपक्षी नेता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से इस मुद्दे पर मिलने का समय मांगेंगे।

