ऑपरेशन सिंदूर पर पहली बार बोले NSA डोभाल: कहा- हमने 23 मिनट में PAK के 9 ठिकाने उड़ाए, भारत में एक कांच भी नहीं टूटा
Published:
3 min read

ऑपरेशन सिंदूर में 23 मिनट लगे। (FILE IMAGE)
नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर (NSA) अजीत डोभाल ने ऑपरेशन सिंदूर पर पहली बार बयान दिया। शुक्रवार को IIT मद्रास की 62वीं कन्वोकेशन सेरेमनी (दीक्षांत समारोह) में डोभाल ने कहा- हमने 23 मिनट में पाकिस्तान के 9 ठिकाने तबाह कर दिए। लेकिन विदेशी मीडिया ने भारत के खिलाफ प्रोपेगंडा चलाया, जबकि हमारे यहां एक कांच तक नहीं टूटा।
NSA ने कहा- विदेशी मीडिया कह रहा था पाकिस्तान ने यह किया- वह किया, लेकिन उसने सबूत के तौर पर एक भी फोटो या वीडियो नहीं दिया। जिसमें हमारे देश का नुकसान दिखा हो, यहां तक की एक कांच भी टूटा हो। डोभाल के मुताबिक- भारत के खिलाफ फॉरेन मीडिया ने यह प्रोपेगंडा साजिशन चलाया।
देसी तकनीक का जिक्र
डोभाल ने आगे कहा, तस्वीरों में 10 मई के बाद और पहले के पाकिस्तान के 13 एयरबेस दिखाई दे रहे हैं। इनमें सरगोधा, रहीमयार खान, चकलाला…। मैं वही बता रहा हूं जो विदेशी मीडिया ने इन तस्वीरों के बारे में कहा। हम इस तरह के ऑपरेशन करने की काबिलियत रखते हैं। भारत के पास देश में बने हथियार और टेक्नोलॉजी मौजूद है, इसे ज्यादा बेहतर करने की जरुरत है और हमें इस बात पर गर्व है। हमने पाकिस्तान के 9 आतंकवादी ठिकानों पर अटैक का फैसला लिया था। यह टेरर बेस पाकिस्तान के बहुत अंदर थे।
डोभाल ने आखिर में कहा- हमने किसी को नहीं छोड़ा। जो टारगेट थे सिर्फ वही हिट किए। हमारे हमले पिन प्वाइंटेड और सटीक थे, हमें पता था कि कौन कहां है। इस ऑपरेशन में 23 मिनट लगे।
ऑपरेशन सिंदूर: क्यों और कैसे?
22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 22 पुरुषों को मजहब पूछने के बाद गोली मार दी थी। भारत सरकार ने उसी वक्त यह ऐलान कर दिया था कि इस हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ है और इसका तय वक्त पर माकूल जवाब दिया जाएगा।
इसके बाद भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया। इसमें भारत ने पाकिस्तान में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। रिपोर्टस के मुताबिक- इसमें करीब 100 आतंकी मारे गए।
ऑपरेशन सिंदूर वैसे तो सिर्फ 23 मिनट चला और इस दौरान इंडियन एयरफोर्स ने पाकिस्तान में स्ट्राइक्स की। हालांकि इसके बाद पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करने की कोशिश की। फिर इसका जवाब भारतीय सेना ने दिया और पाकिस्तान के अहम एयरबेसेस को तबाह कर दिया। 4 दिन चले इस ऑपरेशन में स्ट्राइक और काउंटर स्ट्राइक में दोनो तरफ से ड्रोन्स, मिसाइल और लंबी दूरी की मिसाइल का इस्तेमाल किया गया। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हुआ।
पाक के 6 फाइटर जेट, 3 एयरक्राफ्ट तबाह
ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय एयरफोर्स ने पाकिस्तान के 6 फाइटर जेट, 3 एयरक्राफ्ट और 10 से ज्यादा ड्रोन और क्रूज मिसाइलें तबाह की थी। यह दावा न्यूज एजेंसी ANI ने सरकारी सूत्रों के हवाले से किया था।

