Explainer: फ्यूल स्विच अहमदाबाद प्लेन क्रैश की वजह, जानें कैसे करते हैं काम; इंजन के लिए जरूरी क्यों?
Published:
5 min read

12 जून को अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान क्रैश में AAIB की 15 पन्नों की रिपोर्ट आ गई है।
अहमदाबाद में 12 जून को क्रैश हुए एयर इंडिया विमान की प्राइमरी रिपोर्ट सामने आ गई। को-पायलट क्लाइव कुंदर विमान को उड़ा रहे थे, जबकि कैप्टन सभरवाल मॉनिटरिंग कर रहे थे। उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद इंजन 1 और 2 के फ्यूल स्विच अचानक 'RUN' से 'CUTOFF' स्थिति में चले गए। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर में एक पायलट को दूसरे पायलट से यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि उसने फ्यूल क्यों बंद कर दिया, जिस पर दूसरे पायलट ने जवाब दिया कि उसने ऐसा नहीं किया। रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि यह बात किसने किससे कही?
विमान में फ्यूल की कमी होने से इंजन की पावर खत्म हो गई। कुछ ही सेकंड बाद पायलट्स ने MAYDAY की कॉल की। इसके तुरंत बाद विमान ने कंट्रोल खो दिया और अहमदाबाद एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकरा गया।
एयक्राफ्ट में फ्यूल कंट्रोल स्विच कैसे काम करते हैं और पायलट इनका इस्तेमाल कब करते हैं? जानिए इस स्टोरी में।
क्या होते हैं फ्यूल स्विच
फ्यूल स्विच विमान के इंजन में ईंधन के फ्लो को कंट्रोल करते हैं। जमीन पर विमान के इंजन को चालू और बंद करने के लिए पायलट इनका इस्तेमाल करते हैं। टेक ऑफ से पहले फ्यूल स्विच 'RUN' मोड में डाले जाते हैं। विमान के लैंड करने के बाद इन्हें 'CUTOFF' कर दिया जाता है। हवा में विमान का इंजन खराब होने पर पायलट इस स्विच को बंद या फिर रिस्टार्ट करते हैं।
US एविएशन एक्सपर्ट जॉन कॉक्स के मुताबिक, पायलट गलती से भी फ्यूल स्विच को बंद नहीं कर सकता। अगर उसने ऐसा किया तो उसका असर तुरंत दिखेगा और इंजन की पावर खत्म हो जाएगी। कॉक्स के मुताबिक, फ्यूल कट ऑफ स्विच के लिए एक अलग ही विद्युत सिस्टम और वायरिंग होती है।
मलबे में मिले विमान के डैमेज पुर्जे 
फ्यूल स्विच विमान में कहां लगते हैं?
बोइंग के 787 विमान में 2 फ्यूल कंट्रोल स्विच होते हैं। जो विमान एयर इंडिया के पास हैं उनमें 2 GE इंजन लगे हुए हैं, इनमें फ्यूल स्विच थ्रस्ट लीवर के नीचे लगे होते हैं। फ्यूल स्विच इंजन में स्प्रिंग लगे होते हैं। उनमें दो मोड होते हैं ‘CUTOFF’ और ‘RUN’। ‘CUTOFF’ से ‘RUN’ पर जाने के लिए पायलट को स्विच को खींचना होता और ‘RUN’ पर वापस लाने के लिए अपोजिट खींचना पड़ता है।
RUN मोड: जब स्विच ‘RUN’ मोड पर होता है तब फ्यूल वाल्व खुलता है और इंजन में फ्यूल की सप्लाई शुरू हो जाती है। इससे इंजन चालू रहता है और विमान को थ्रस्ट मिलता है।
CUTOFF मोड: जब स्विच ‘CUTOFF’ मोड पर होता है तब फ्यूल वाल्व बंद हो जाता है और इंजन में फ्यूल की सप्लाई बंद हो जाती है। इससे इंजन तुरंत बंद हो जाता है।
एयर इंडिया की फ्लाइट के कॉकपिट में क्या हुआ
फ्लाइट रिकॉर्डर के मुताबिक, टेकऑफ के कुछ सेकंड बाद दोनों इंजनों के फ्यूल स्विच एक के बाद एक ‘RUN’ से ‘CUTOFF’ की स्थिति में चले गए। दोनों इंजन को फ्यूल मिलना बंद हो गया। एक सेकंड बाद ही इंजन ने अपनी पावर खो दी।
दोनों पायलट के बीच क्या बातचीत हुई
कॉकपिट वाइस रिकोर्डर में एक पायलट ने पूछा, आपने फ्यूल क्यों बंद कर दिया? इस पर दूसरा पायलट कहता है, मैंने बंद नहीं किया। रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि फ्यूल बंद वाली बात कैप्टन सुमीत सभरवाल ने कही थी या फिर को-पायलट कुंदर क्लाइव ने।
रिपोर्ट के अनुसार, कुछ ही सेकंड बाद फ्यूल स्विच ‘RUN’ की स्तिथि में आ गए। दोनों स्विच क्रैश साइट पर ‘RUN’ की स्तिथि में मिले थे। जब विमान हवा में होता है तब फ्यूल कंट्रोल स्विच को ‘CUTOFF’ से ‘RUN’ पर लाया जाता हैं, तो इंजन का कंट्रोल सिस्टम ऑटोमेटिक इग्निशन और फ्यूल इंट्रोडक्शन और थ्रस्ट रिकवरी सिक्वेंस को मैनेज करता है। पायलटों ने इंजन को फिर से चालू करने की कोशिश की। इंजन 1 कुछ हद तक चालू हो गया, लेकिन इंजन 2 क्रैश होने से पहले स्टार्ट नहीं हो सका। विमान सिर्फ 32 सेकंड ही हवा में रहा।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
अमेरिकी एविएशन सेफ्टी एक्सपर्ट जॉन नैन्स ने कहा कि कोई समझदार पायलट कभी भी दोनों स्विच को बंद नहीं करेगा। खासकर जब विमान ऊंचाई पर जा रहा हो। पूर्व AAIB (एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो) अधिकारी कप्तान किशोर ने कहा कि क्या फ्यूल स्विच इलेक्ट्रिक कंट्रोल यूनिट सिस्टम में गड़बड़ी की वजह से बंद हो सकते हैं? अगर ऐसा हुआ है तो यह गंभीर विषय है।
कब और कैसे हुआ विमान हादसा?
- 12 जून को विमान ने दोपहर 1.38 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी। विमान 400 फीट तक की ऊंचाई तक गया।
- एयर इंडिया का विमान अचानक नीचे आया। 2 मिनट बाद दोपहर 1.40 बजे डॉक्टर्स के हॉस्टल पर क्रैश हो गया।
- हादसे में विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई, जबकि हॉस्टल में मौजूद 19 लोग हादसे का शिकार हो गए थे।

