एयरफोर्स का प्लेन क्रेश: राजस्थान के चुरु में हादसा, मलबे से दो शव मिले
Published: Updated:
3 min read

चुरु में एयरफोर्स का जगुआर विमान क्रैश
राजस्थान में बुधवार को इंडियन एयरफोर्स का जगुआर फाइटर जेट क्रैश हो गया। हादसा चुरु के रतनगढ़ क्षेत्र में भानुदा गांव के पास हुआ। घटनास्थल से प्लेन के मलबे में दो शव मिले हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, एक शव पायलट का है। दूसरी बॉडी को-पायलट की बताई जा रही है। मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंच गई है। बचाव कार्य जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि प्लेन क्रैश के बाद खेतों में आग लग गई।
एयरफोर्स ने की हादसे की पुष्टि
इंडियन एयरफोर्स के प्रवक्ता ने हादसे की पुष्टि कर दी है। एयरफोर्स के प्रवक्ता ने कहा है कि हमारा एक जगुआर विमान राजस्थान में रतनगढ़ के पास क्रैश हुआ है। फिलहाल हमें और जानकारी का इंतजार है। इस विमान ने राजस्थान के सुरतगढ़ एयरफोर्स बैस से उड़ान भरी थी। हादसे में क्रैश हुआ जगुआर विमान सिंगल सीटर था या डबल सीटर, अभी यह पता नहीं चल सका है।
इस साल 3 जगुआर प्लेन हुए क्रैश
SEPECAT जगुआर एक एंग्लो-फ्रेंच विमान है जिसे भारत ने 1970 में खरीदा था। एक साल के अंदर 3 जगुआर फाइटर प्लेन क्रैश हो चुके हैं। पहला 7 मार्च को हरियाणा के पंचकुला में दूसरा 2 अप्रैल को जामनगर के पास क्रैश हुआ था।
भारतीय वायुसेना के पास अभी 120 जगुआर फाइटर जेट्स है, जो 6 स्क्वाड्रन में बंटे हुए हैं। जगुआर फाइटर जेट ट्विन इंजिन फाइटर बॉम्बर है, जो सिंगल और डबल सीटर वेरियंट में हैं। जगुआर विमान बहुत पुराने होने के बाद भी एयरफोर्स इनको अपग्रेड करके इस्तेमाल करती है।
गुजरात में अप्रैल महीने में ट्विन सीटर जगुआर विमान क्रैश हुआ था। लोगों की जान बचाते हुए पायलट सिद्धार्थ यादव की मौत हो गई थी। जगुआर फाइटर प्लेन रात साढ़े 9 बजे ट्रेनिंग मिशन के दौरान तकनीकी गड़बड़ी की वजह से क्रैश हुआ था। रहवासी जगह में उड़ते हुए यादव ने अपने को-पायलट को इजेक्ट करने के लिए कहा, जिससे वह जिंदा बच गए, हालांकि उन्हें हल्की चोंटे आईं थी। लेकिन पायलट सिद्धार्थ समय पर इजेक्ट नहीं कर पाए। सिद्धार्थ की कुछ समय बाद शादी होने वाली थी।
A Jaguar fighter aircraft of the Indian Air Force has crashed near Churu district of Rajasthan. More details awaited: Defence Sources pic.twitter.com/CYbHIyQLPl
— ANI (@ANI) July 9, 2025
इस साल अब तक एयरफोर्स के 5 प्लेन क्रैश हुए
इस साल अब तक इंडियन एयरफोर्स के पांच प्लेन क्रैश हुए हैं। इनमें जगुआर, मिग-21 (MiG-21), मिराज (Mirage) और एएन-32 (An-32) जैसे प्लेन शामिल हैं। इन घटनाओं में दो पायलटों की जान जा चुकी है। कुछ मामलों में पायलटों की जान बच गई है।

