महाकाल मंदिर पहुंचे वर्ल्ड कप विनर तिलक वर्मा: अजीत पवार के बेटे भी साथ थे; टी 20 वर्ल्ड कप में 207 रन बनाए
Published:
3 min read

उज्जैन । टी 20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद स्टार ऑलराउंडर तिलक वर्मा सोमवार को बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद यह उनका पहला उज्जैन दौरा था।
तिलक वर्मा दोपहर करीब 2 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम स्व अजीत पावर के बेटे पार्थ पवार भी मौजूद थे। उनके साथ कुछ विधायक भी मंदिर पहुंचे।

मंदिर में तिलक वर्मा ने नंदी हॉल में बैठकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद तिलक वर्मा ने कहा कि उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के लिए भगवान महाकाल से प्रार्थना की थी। टीम इंडिया के विश्व विजेता बनने के बाद वह भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन आए हैं। मंदिर में उनके आगमन की खबर मिलते ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया और कई लोगों ने उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।
तिलक वर्मा, क्रिकेटर
सर्जरी के बाद कमबैक
23 वर्षीय युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने T20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम में अहम भूमिका निभाई। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेले गए इस टूर्नामेंट में सर्जरी से वापसी के बाद तिलक वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया।

9 मैच में 207 रन
टूर्नामेंट के 9 मैच में उन्होंने 207 रन बनाए। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 44 रन रहा। तिलक ने टीम की जरूरत के अनुसार मिडिल आर्डर में नंबर 3, 5, 6 और 7 पर बल्लेबाजी की और कई अहम पारियां खेलीं।
उन्होंने अपनी बॉलिंग से भी टीम में योगदान दिया । पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक विकेट हासिल किया। USA के खिलाफ मैच में तिलक वर्मा ने 38 रन बनाकर और एक विकेट लेकर अपनी सर्जरी के बाद वापसी का संकेत दिया।

भारत ने लगातार दूसरा T20 WC जीता
टीम इंडिया लगातार दूसरी बार यह ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार 8 मार्च को हुए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से शिकस्त दी। संजू सैमसन ने 46 बॉल पर 89 रन बनाए। जसप्रीत बुमराह ने 4 और लोकल बॉय अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए।
भारतीय टीम ने 2007 में पहला टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था। यह टूर्नामेंट का पहला सीजन भी था। इसके बाद टीम इंडिया ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीता। अब लगातार दूसरी बार टीम इंडिया चैम्पियन बनी है। कुल मिलाकर यह हमारा तीसरा टी20 वर्ल्ड कप है।

