बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचीं क्रिकेटर क्रांति गौड़: भस्म आरती में हुईं शामिल; बोलीं- वर्ल्ड कप जीतने की मन्नत महाकाल ने पूरी की
Published:
2 min read

महाकाल के दरबार में महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़।
उज्जैन। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी क्रांति गौड़ उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। रविवार तड़के 4 बजे बाबा महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में सम्मिलित होकर दर्शन लाभ लिया। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा महाकाल से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान वे बाबा की भक्ति में लीन नजर आईं।
मंदिर समिति ने किया स्वागत-सम्मान
क्रांति गौड़ ने नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती में भाग लिया और गर्भगृह की देहरी पर माथा टेककर बाबा का आशीर्वाद लिया। वहीं भस्म आरती के पश्चात श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एसएन सोनी द्वारा उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। मंदिर समिति ने उन्हें प्रसाद एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
वर्ल्ड कप जीतने की मन्नत पूरी हुई
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने कहा कि श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर उन्हें आध्यात्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई है। हमारी पूरी भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप जीतने की भगवान महाकाल से मन्नत मांगी थी, जो उन्होंने पूरी कर दी है। अब हम सभी महिला क्रिकेटर भगवान का आशीर्वाद लेने आ रहे हैं। हम सब एक साथ नहीं आ पा रहे हैं तो अब अलग-अलग अपने समय अनुसार, महाकाल के दर्शन करने आ रहे हैं। उन्होंने अपने आगामी क्रिकेट मैचों के लिए बाबा महाकाल से सफलता की कामना की। इस अवसर पर मंदिर समिति के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
मंदिर समिति के उप प्रशासक एसएन सोनी ने क्रांति गौड़ का स्वागत-सम्मान किया।
-क्रांति गौड़, महिला क्रिकेटर

