उज्जैन कलेक्ट्रेट में लोकायुक्त का छापा : ADM कार्यालय का बाबू 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, अफरा-तफरी का माहौल
Published:
2 min read

20 हजार की घूस लेते ADM कार्यालय का बाबू गिरफ्तार।
उज्जैन। उज्जैन कलेक्ट्रेट में गुरुवार को लोकायुक्त की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। ADM कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी रोहित गोठवाल को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया गया। कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। आरोप है कि कर्मचारी ने उज्ज्वला योजना के तहत फर्जी गैस कनेक्शन जारी होने से जुड़े मामले में कार्रवाई कराने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
नागदा निवासी शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त से की थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, नागदा निवासी बृजेश विश्वकर्मा ने 29 अक्टूबर को लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनकी मां के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उज्ज्वला योजना के तहत किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर फर्जी गैस कनेक्शन जारी कर दिया गया। इस मामले को लेकर बृजेश विश्वकर्मा ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद खाद्य विभाग ने मामले की जांच की और अपनी रिपोर्ट ADM कार्यालय को भेजी थी।
कार्रवाई कराने के नाम पर मांगे 20 हजार रुपए
शिकायतकर्ता ने बताया कि फर्जी गैस कनेक्शन के मामले में कार्रवाई कराने के नाम पर ADM कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी रोहित गोठवाल ने उनसे 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर बृजेश विश्वकर्मा ने लोकायुक्त पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त अधिकारियों ने आरोपों का सत्यापन किया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद आरोपी कर्मचारी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई गई।
रिश्वत लेते ही लोकायुक्त टीम ने दबोचा
गुरुवार को लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। जैसे ही रोहित गोठवाल ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपए की रिश्वत राशि ली, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि जब्त की गई। कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय में इस तरह की कार्रवाई होने से परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दीपक शेजवार लोकायुक्त अधिकारी उज्जैन

