Tatkal Ticket New Rules: 1 अगस्त से बदल जाएगी तत्काल टिकट बुकिंग, बिना टोकन नहीं होगा काम
Published:
3 min read

1 अगस्त 2026 से पश्चिम मध्य रेलवे के आरक्षण केंद्रों पर नई टोकन व्यवस्था लागू होगी। (फोटो सोर्स- कैनवा)
बिजनेस डेस्क। अगर आप रेलवे का तत्काल टिकट काउंटर से बुक कराते हैं, तो 1 अगस्त 2026 से आपको नई व्यवस्था का पालन करना होगा। पश्चिम मध्य रेलवे ने टिकट आरक्षण प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए नई टोकन प्रणाली लागू करने का फैसला किया है। यह नियम जबलपुर रेल मंडल समेत पश्चिम मध्य रेलवे के सभी आरक्षण केंद्रों पर लागू होगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के मुताबिक, नई व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को बार-बार रिजर्वेशन ऑफिस के चक्कर लगाने से बचाना और टिकट बुकिंग को आसान बनाना है।
एसी और नॉन एसी तत्काल टिकट के लिए अलग-अलग समय पर मिलेंगे टोकन
नई व्यवस्था के तहत एसी तत्काल टिकट के लिए सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे तक टोकन दिए जाएंगे। वहीं नॉन एसी तत्काल टिकट के लिए सुबह 9:00 बजे से 9:30 बजे तक टोकन वितरित किए जाएंगे। तय समय पर टोकन लेने के बाद यात्री उसी के आधार पर टिकट बुक करा सकेंगे।

हर काउंटर पर तय संख्या में जारी होंगे टोकन
रेलवे के अनुसार, प्रत्येक आरक्षण काउंटर पर एसी कैटेगरी के लिए 10 टोकन और नॉन एसी कैटेगरी के लिए 15 टोकन जारी किए जाएंगे। हालांकि, अगर किसी केंद्र पर यात्रियों की संख्या ज्यादा रहती है, तो जरूरत के हिसाब से इस संख्या में बदलाव भी किया जा सकता है।
जिसके नाम टोकन, वही टिकट बुक करा सकेगा
नई व्यवस्था में तत्काल टिकट लेने वालों को अपना आधार कार्ड या रेलवे द्वारा मान्य कोई फोटो पहचान पत्र दिखाना होगा। टोकन उसी व्यक्ति के नाम पर जारी किया जाएगा और पूरी तरह नॉन-ट्रांसफरेबल होगा। यानी जिस व्यक्ति के नाम टोकन होगा। वही काउंटर पर जाकर टिकट बुक करा सकेगा। रेलवे ने यह भी साफ किया है कि जो यात्री अपने लिए या अपने परिवार के लिए तत्काल टिकट बुक कराएंगे, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

दलालों पर लगेगी रोक, बढ़ेगी पारदर्शिता
रेलवे का मानना है कि नई टोकन व्यवस्था लागू होने के बाद तत्काल टिकट बुकिंग में पारदर्शिता बढ़ेगी और दलालों की गतिविधियों पर रोक लगेगी। इससे जरूरतमंद यात्रियों को टिकट मिलने की संभावना बेहतर होगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अथॉराइज्ड सोर्स से ही तत्काल टिकट बुक करें और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या दलाल के झांसे में न आएं।
यह भी पढ़ें-

