शिवपुरी में 70वीं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन: क्रिकेट में भोपाल ने मारी बाजी, ग्वालियर बना ओवरऑल चैंपियन; खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया
Published:
3 min read

शिवपुरी में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन,
शिवपुरी। जिले में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय 17 वर्षीय बालिका क्रिकेट और 19 वर्षीय बालक-बालिका नेटबॉल प्रतियोगिता का बुधवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। बालिका क्रिकेट में भोपाल संभाग ने विजेता ट्रॉफी जीती, जबकि बालक और बालिका नेटबॉल के दोनों वर्गों में ग्वालियर संभाग की टीमें विजेता रहीं। शानदार प्रदर्शन के आधार पर ग्वालियर संभाग को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया।
बालिका क्रिकेट में भोपाल प्रथम, इंदौर दूसरे स्थान पर
17 वर्षीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में भोपाल संभाग ने पहला स्थान हासिल किया। इंदौर संभाग दूसरे और ग्वालियर संभाग तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, 19 वर्षीय बालक और बालिका नेटबॉल प्रतियोगिता में ग्वालियर संभाग की टीमों ने जीत दर्ज की। दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन के दम पर ग्वालियर संभाग ने ओवरऑल चैंपियन की ट्रॉफी भी अपने नाम की।
खेलों में अनुशासन और समर्पण जरूरी: राजू बाथम
समापन समारोह में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों से गांवों में भी खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजू बाथम ने खिलाड़ियों को समर्पण, अनुशासन, समय की पाबंदी और धैर्य का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि ये गुण खेल के साथ जीवन में सफलता पाने के लिए भी जरूरी हैं। विशिष्ट अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शैलजा लवंगीकर ने कहा कि खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। साथ ही नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी मजबूत होती है।
आयोजन से जुड़े अधिकारियों और सहयोगियों का सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के स्वागत भाषण से हुई। प्रतियोगिता का प्रतिवेदन बीईओ मनोज निगम ने प्रस्तुत किया। इस दौरान नौ संभागों से आए दल प्रबंधकों, स्टेट ऑफिशियल्स और आयोजन समिति के सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार में योगदान के लिए भगवती प्रसाद शर्मा, नीरज सरैया और राजीव भार्गव को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता हरवीर सिंह रघुवंशी, जिला महामंत्री केपी परमार, सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, हेमलता चौधरी और गिरीश मिश्रा ने किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने सभी का आभार व्यक्त किया।
खेल ध्वज उतारकर प्रतियोगिता का समापन
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता का ध्वज उतारकर परंपरा के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया। इसके साथ ही शिवपुरी में आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का औपचारिक समापन हुआ।



