शिवपुरी के चरखऊ गांव में राशन न मिलने से गुस्साए ग्रामीणों का चक्काजाम: तहसीलदार के मौके पर राशन वितरण शुरू कराने के बाद खुला रास्ता
Published:
1 min read

तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को दी समझाइश, शुरू कराया राशन वितरण।
शिवपुरी। जिले के पिछोर अनुविभाग के खोड़ चौकी क्षेत्र के चरखऊ गांव में राशन नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि राशन दुकान के सेल्समैन ने उनका अंगूठा लगवा लिया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें दो माह का राशन नहीं दिया गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।
तहसीलदार ने बातचीत कर शुरू करवाया राशन वितरण
चक्काजाम की सूचना मिलते ही खोड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार शिवशंकर गुर्जर ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी। तहसीलदार ने तत्काल राशन वितरण शुरू कराया। राशन मिलने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद ग्रामीण सड़क से हटने को राजी हुए और चक्काजाम समाप्त हो गया।

