शिवपुरी में ग्राहक बनकर चुराए 2 महंगे iPhone: बेचने से पहले पुलिस ने दोनों चोरों को दबोचा; 90 हजार के मोबाइल बरामद
Published:
3 min read

CCTV और मुखबिर की सूचना से पकड़े गए चोर।
शिवपुरी। मोबाइल दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे दो युवकों ने मौका मिलते ही दो महंगे आईफोन चोरी कर लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी चोरी के मोबाइलों को ठिकाने लगाने और कथित तौर पर एक और दुकान को निशाना बनाने की तैयारी में दोबारा शिवपुरी पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही फिजीकल थाना पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए iPhone-13 और iPhone-14 Pro बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है। बरामद मोबाइलों की कीमत करीब 90 हजार रुपए बताई गई है।
मोबाइल देखने के बहाने दुकानदार को उलझाया
मामला 31 अगस्त का है। कमलागंज घोसीपुरा निवासी अरशद खान की ए.के. मोबाइल दुकान पर एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा था। उसने दुकानदार से मोबाइल दिखाने को कहा और अलग-अलग फोन देखने के बहाने उसे बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी ने दो आईफोन उठाए और दुकान से बाहर निकल गया। दुकान के बाहर उसका साथी पहले से बाइक लेकर खड़ा था। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
3 सितंबर को दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद फरियादी ने 3 सितंबर को फिजीकल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 201/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश शुरू कर दी।
मुखबिर की सूचना से पुलिस तक पहुंची अहम जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल चोरी की वारदात में शामिल दोनों युवक दोबारा शिवपुरी आए हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइलों को बेचने या ठिकाने लगाने की कोशिश में हैं और इस दौरान किसी अन्य मोबाइल दुकान को भी निशाना बना सकते हैं। सूचना मिलते ही फिजीकल थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी के दोनों आईफोन बरामद हो गए।
दोनों आरोपियों के कब्जे से मोबाइल और बाइक जब्त
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रघुबिन्दर सिंह (20) निवासी ग्राम चक्क विलेंडी, तहसील कराहल, जिला श्योपुर और कान्हा आदिवासी (20) निवासी ग्राम कान्हरखेड़ा बाड़ पंचायत, तहसील कराहल, जिला श्योपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने रघुबिन्दर सिंह के कब्जे से iPhone-13 और काले रंग की राइडर बाइक, जबकि कान्हा आदिवासी के कब्जे से iPhone-14 Pro बरामद किया है।
चोरों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इससे पहले भी किसी अन्य वारदात को अंजाम दिया है या नहीं। साथ ही चोरी के मोबाइल बेचने या ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने किन लोगों से संपर्क किया था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें-

