शिवपुरी में बैराड़ पुलिस की नशे पर बड़ी कार्रवाई: 80 हजार रुपए की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, 7.85 ग्राम मादक पदार्थ जब्त
Published:
2 min read

शिवपुरी: बैराड़ में 80 हजार रुपए की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, जेल भेजा टोरिया रोड पर पुराने ढाबे के टीनशेड के नीचे बैठा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा; 7.85 ग्राम स्मैक जब्त
शिवपुरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बैराड़ थाना पुलिस ने एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.85 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
बैराड़ थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि 31 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टोरिया रोड पर तालाब के सामने बने यात्री प्रतीक्षालय के पास एक युवक स्मैक बेचने की फिराक में बैठा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जानकारी की तस्दीक शुरू की। इसी दौरान मुखबिर ने पुलिस को बताया कि संदिग्ध पास में स्थित बंद पड़े पुराने ढाबे के टीनशेड के नीचे रखे तखत पर बैठा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
तलाशी में मिली 7.85 ग्राम स्मैक
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम जीतेन्द्र उर्फ जीतू प्रजापति (32), पुत्र हरज्ञान प्रजापति, निवासी गायत्री कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 11, बैराड़ बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7.85 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर लिया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
मामले में बैराड़ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 418/2026 दर्ज किया है। उसके विरुद्ध धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।

