शहडोल में अधिवक्ता पर पुलिसकर्मियों ने बरसाईं लाठियां: सिर फटा और कान में आई चोट; साथियों से भी मारपीट का आरोप; SDOP ने कही जांच की बात
Published:
3 min read

बुढ़ार में वकील पर पुलिसिया लाठीचार्ज का आरोप, फाइल फोटो।
शहडोल। कानून की रक्षा और आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली पुलिस पर ही मारपीट के गंभीर आरोप लगे हैं। जिले के बुढ़ार में एक अधिवक्ता ने पुलिसकर्मियों पर बेरहमी से लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाया है। कथित मारपीट में अधिवक्ता के सिर और कान में चोट आई है। उनके शरीर पर भी लाठी से पिटाई के निशान बताए जा रहे हैं। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके साथियों के साथ भी पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
दुर्गा पंडाल से लौटते समय बस स्टैंड के पास रोका
जानकारी के अनुसार, बुढ़ार थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती के पास रहने वाले अधिवक्ता अभिनव पाठक अपने कुछ साथियों के साथ दुर्गा पंडाल में हिसाब-किताब का काम निपटाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वे साथियों के साथ फोन पर बातचीत करते हुए बुढ़ार बस स्टैंड के पास पहुंचे। आरोप है कि तभी सामने से पुलिस वाहन में पहुंचे बुढ़ार थाने के कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया।
अधिवक्ता के सिर और कान में चोट
अधिवक्ता का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने रोकने के बाद अचानक उन पर लाठियां बरसाना शुरू कर दिया। कथित मारपीट में उनके सिर में चोट लगने से खून निकलने लगा, जबकि कान में भी गंभीर चोट आई। शरीर पर लाल-काले निशान भी उभर आए। आरोप है कि अधिवक्ता को पुलिसकर्मियों से बचाने के लिए उनके साथी आगे आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान उन्हें भी चोटें आईं। घटना को लेकर अधिवक्ता पक्ष ने पुलिसकर्मियों के व्यवहार और कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
पुलिस का अलग पक्ष, अभद्रता और झूमाझपटी का आरोप
वहीं, इस मामले में पुलिस की ओर से अलग पक्ष सामने आने की बात कही जा रही है। आरोप है कि अधिवक्ता पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता कर रहे थे और उनके साथ झूमाझपटी पर उतर आए थे। पुलिसकर्मियों ने इसी परिस्थिति में अपने बचाव में कार्रवाई की। हालांकि, घटना के दोनों पक्षों के आरोपों की पुष्टि और वास्तविक स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
शिकायत मिलने पर होगी वैधानिक कार्रवाई: एसडीओपी
मामले में धनपुरी एसडीओपी ने बताया कि यह प्रकरण अभी उनके संज्ञान में आया है। पुलिस के पास फिलहाल इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिवक्ता अभिनव पाठक
एस डीओपी बुढ़ार विकास पाण्डेय

