शहडोल में हॉस्टल की अव्यवस्था पर फूटा छात्रों का गुस्सा: 100 KM पैदल चलकर कलेक्टर से मिलने निकले ब्यौहारी मॉडल स्कूल के छात्र
Published:
2 min read

100 KM पैदल चलकर कलेक्टर से मिलने निकले छात्र।
शहडोल। जिले में छात्रावासों की अव्यवस्थाओं को लेकर छात्र-छात्राओं का विरोध लगातार सामने आ रहा है। अब ब्यौहारी के मॉडल खंडोली विद्यालय के छात्र करीब 100 किलोमीटर पैदल चलकर जिला मुख्यालय में कलेक्टर से मिलने निकल पड़े हैं। छात्र रीवा-शहडोल स्टेट हाईवे पर आगे बढ़ रहे हैं। खबर लिखे जाने तक वे 6 किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर चुके थे।
एक दिन पहले छात्राएं भी निकली थीं पैदल
इससे एक दिन पहले जयसिंहनगर के आवासीय विद्यालय की छात्राएं छात्रावास की दीवार फांदकर करीब 40 किलोमीटर पैदल कलेक्टर से मिलने निकल पड़ी थीं। इससे पहले भी जिले के अलग-अलग आवासीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि ब्यौहारी के छात्रों के बीच एक दिन पहले विवाद भी हुआ था। हालांकि, छात्रों की नाराजगी के पीछे छात्रावास की व्यवस्थाओं और सड़क की मांग का मुद्दा भी सामने आया है।
शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल
लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने शिक्षा और आदिवासी विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि छात्रावासों में ऐसी कौन सी समस्याएं हैं, जिनके समाधान के लिए बच्चों को स्कूल और छात्रावास छोड़कर लंबा पैदल सफर तय करना पड़ रहा है।
DEO बोले- बच्चों को समझाने का प्रयास जारी
जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चौधरी ने बताया कि उन्हें करीब आधे घंटे पहले ही छात्रों के पैदल निकलने की जानकारी मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र सड़क की मांग को लेकर निकले हैं। एक दिन पहले बच्चों के बीच विवाद भी हुआ था। उन्हें समझाकर पैदल मार्च रोकने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उनकी समस्याओं का समाधान करने की बात कही गई है।
ये भी पढ़ें-

