शहडोल में नशे में ASI की दबंगई: आदिवासी ग्रामीणों से गाली-गलौज कर छीने मुर्गे, SP ने किया निलंबित
Published:
2 min read

शराब के नशे में ASI दीपक सिंह परिहार ने ग्रामीणों से बदसलूकी की।
शहडोल। एक ASI पर शराब के नशे में आदिवासी ग्रामीणों से अभद्रता और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। ASI पर 4 मुर्गे छीनने और 10 मुर्गों की मांग करने का भी आरोप है। जिला पंचायत सदस्य से भी विवाद हुआ। वीडियो वायरल होने और एसपी से शिकायत के बाद ASI को निलंबित कर दिया गया।
ड्यूटी छोड़ दूसरी जगह पहुंचने का आरोप
मामला सीधी थाना क्षेत्र के बनसुकली का है। यहां मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए ASI दीपक सिंह परिहार की ड्यूटी लगाई गई थी। आरोप है कि वह ड्यूटी पर जाने के बजाय दूसरी जगह शराब के नशे में पहुंचे और आदिवासी ग्रामीणों से गाली-गलौज करने लगे। ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बना लिया।
जिला पंचायत सदस्य से भी हुआ विवाद
मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य गुजरात सिंह ने ASI को रोकने की कोशिश की तो उनसे भी अभद्रता किए जाने का आरोप है। वहीं, एक मुर्गों से भरी पिकअप को रोककर 4 मुर्गे छीनने और 10 अन्य मुर्गों की मांग करने की शिकायत भी सामने आई है।
एसपी से शिकायत के बाद ASI सस्पेंड
घटना को लेकर अमडीह निवासी तौकीद और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में जबरन मुर्गे छीनने और गाली-गलौज करने के आरोप लगाए गए। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने ASI दीपक सिंह परिहार को निलंबित कर दिया।
ये भी पढ़ें- कटनी के घने जंगल में सजी जुए की फड़: पुलिस की दबिश से हड़कंप, 13 जुआरी गिरफ्तार, 12.85 लाख का सामान जब्त; 8 फरार

