सागर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव: सागर जहरीली शराब कांड के पीड़ितों से मिले, बोले- दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी कि दोबारा हिम्मत नहीं होगी
Published: Updated:
3 min read

सागर जहरीली शराब कांड के पीड़ितों से मिले CM मोहन यादव।
सागर। बंडा में सामने आए जहरीली शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को सागर पहुंचे। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचकर उन्होंने शराब कांड से प्रभावित और अस्पताल में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात की। साथ ही मरीजों का हालचाल जाना और डॉक्टरों व अधिकारियों से उनके इलाज तथा स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली। पीड़ितों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
आरोपियों पर फांसी तक की सजा वाली धाराएं
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ जिन धाराओं में कार्रवाई की गई है, उनमें फांसी तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सरकार मामले में कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करेगी, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की घटना को अंजाम देने की हिम्मत न कर सके। मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रशासन को मामले में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे।
आरोपियों के अवैध अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जहरीली शराब कांड में आरोपियों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमणों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को कार्रवाई के लिए पूरी तरह फ्री हैंड दिए जाने की बात कही। सरकार का रुख साफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोषियों को संरक्षण देने की स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को कार्रवाई तेजी और सख्ती से करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में इतने कठोर कानून नहीं थे। मुख्यमंत्री ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीति करने के बजाय सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं के खिलाफ समाज को भी एकजुट होकर काम करने की जरूरत है।
नशे के खिलाफ और तेज होगा अभियान
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ सामाजिक संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। सरकार का प्रयास रहेगा कि नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़े और युवाओं को नशे से दूर रखा जा सके।
पीड़ितों का इलाज प्राथमिकता
सागर पहुंचने के दौरान मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात कर उनके इलाज की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। बंडा में जहरीली शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री के सख्त तेवर और कार्रवाई के ऐलान से साफ है कि सरकार मामले में आरोपियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की तैयारी में है। अब प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई के साथ यह भी देखना अहम होगा कि जांच में किन लोगों की भूमिका सामने आती है।
ये भी पढ़ें- 21500 के स्टाइपेंड पर माने इंटर्न्स : दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच; डिप्टी CM के फैसले पर जूडा-एमटीए ने जताया आभार
डॉ मोहन यादव, मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश
वसीम कुरैशी, संवाददाता, सागर

