सागर में जहरीली शराब से 11 की मौत: सियासत गरमाई, उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा बोले- दोषियों को बख्शेंगे नहीं
Published:
2 min read

फाइल फोटो।
भोपाल। सागर जिले के बंडा शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली और अवैध शराब पीने से हुई मौतों के मामले ने प्रदेश की सियासत गरमा दी है। घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं डिप्टी सीएम एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
एमपी में कब रुकेगा अवैध शराब कारोबार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार को घेरते हुए कहा कि सागर में जहरीली और अवैध शराब ने 11 लोगों की जान ले ली है, जबकि 25 से अधिक लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। सिंघार ने सवाल उठाया कि आखिर मध्य प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार कब रुकेगा और किसके संरक्षण में यह जहरीला कारोबार फल-फूल रहा है? उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने एसपी से ली विस्तृत जानकारी
वहीं, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा कि उन्होंने सागर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से घटना की विस्तृत जानकारी ली है। आबकारी आयुक्त भी मौके पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के पीछे जो भी व्यक्ति जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें - सागर के बंडा में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत
सीएम मोहन यादव ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
देवड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है। एक ओर विपक्ष सरकार से जवाब मांग रहा है, तो दूसरी ओर सरकार ने दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि जहरीली शराब कहां से आई और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं।


