सागर में शराब दुकान पर महिलाओं का हंगामा: शॉप में घुसकर पेटियां सड़क पर फेंकी; बंडा कांड के बाद बढ़ा आक्रोश
Published:
2 min read

महिलाओं ने दुकान में रखी शराब की पेटियां उठाकर सड़क पर फेंकीं।
सागर। जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद शराब बिक्री को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को कैंट थाना क्षेत्र के कुडारी में बड़ी संख्या में महिलाएं शराब दुकान पहुंचीं और विरोध करते हुए हंगामा किया। इस दौरान कुछ महिलाएं दुकान के अंदर घुस गईं और शराब की पेटियां उठाकर सड़क पर फेंक दीं।
महिलाओं ने शराब बिक्री का किया विरोध
गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे कुडारी स्थित शराब दुकान पर स्थानीय महिलाएं पहुंचीं। महिलाओं ने दुकान में शराब की बिक्री का विरोध किया और दुकान के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ देर बाद कई महिलाएं दुकान के अंदर पहुंच गईं।
शराब की पेटियां सड़क पर फेंकीं
महिलाओं ने दुकान में रखी शराब की पेटियां उठाकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। अचानक हुए इस विरोध के चलते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में सड़क पर शराब की बोतलें और पेटियां बिखरी दिखाई दे रही हैं। वहीं, शराब दुकान के कर्मचारी बिखरी हुई बोतलों और पेटियों को इकट्ठा करते नजर आ रहे हैं।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी शराब दुकान के कर्मचारियों ने कैंट पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
शिकायत के लिए थाने पहुंचे कर्मचारी
घटना के बाद शराब दुकान के कर्मचारी शिकायत दर्ज कराने कैंट थाने पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सामने आए वीडियो के आधार पर भी घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
बंडा शराब कांड के बाद बढ़ा विरोध
बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद जिले के अलग-अलग इलाकों में शराब दुकानों को लेकर लोगों की नाराजगी सामने आ रही है। कुडारी की घटना ने शराब बिक्री को लेकर स्थानीय लोगों के विरोध को फिर चर्चा में ला दिया है। पुलिस जांच के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

