सागर में अवैध शराब कारोबार पर एक्शन: खंडहर मकान में छिपा था 45 किलो महुआ लाहन, आबकारी टीम ने किया नष्ट, आरोपी फरार
Published:
2 min read

अवैध मदिरा कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान
सागर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी एवं पुलिस विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में देवरी क्षेत्र के ग्राम डिलोना में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। दरअसल अनुविभागीय अधिकारी पुलिस देवरी अरुण उइके के नेतृत्व में आबकारी विभाग के साथ संयुक्त टीम ग्राम डिलोना पहुंची। यहां ग्राम निवासी राजा भैया लोधी के पुराने खंडहर मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मकान में रखे तीन कुप्पों से करीब 45 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया।
महुआ लाहन किया नष्ट
बताया गया कि महुआ लाहन का उपयोग अवैध रूप से शराब बनाने में किया जाना था। संयुक्त टीम ने बरामद महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। कार्रवाई के बाद संभावित अवैध शराब निर्माण की गतिविधि पर रोक लगाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने राजा भैया लोधी की उसके मकान के साथ-साथ आसपास के संभावित ठिकानों और छिपने वाले स्थानों पर भी तलाश की, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। आरोपी की तलाश और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई भी जारी है।
अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रहा अभियान
अधिकारियों के मुताबिक जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब से जुड़े संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीमें संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें - सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा एक्शन: 20 हजार के इनामी रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर, भागने पर पुलिस ने पैर में मारी गोली

