सीएम की सख्ती के बाद सागर के बंडा में प्रशासन का बड़ा एक्शन: आरोपियों के अवैध मकानों पर चला बुलडोजर; शराब कांड में अब तक 32 की मौत
Published:
2 min read

बंडा शराब कांड के आरोपियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर।
सागर। जिले के बंडा क्षेत्र में हुए शराब कांड के बाद प्रशासन ने अब आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शराब कांड से जुड़े आरोपियों के मकानों और ठिकानों पर प्रशासन का बुलडोजर चला है। कार्रवाई के दौरान 5 स्थानों पर एक साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
आरोपियों के अवैध ठिकानों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया
जानकारी के मुताबिक, आशीष साहू, चंदू राजपूत और मनीष लोधी के मकानों और कथित अवैध ठिकानों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
जहरीली शराब से अब तक 32 लोगों की मौत
बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब से अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी अस्पताल में उपचाररत हैं। इस घटना के बाद से ही प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के सागर पहुंचने और शराब कांड के पीड़ितों से मुलाकात के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई और तेज होने के संकेत मिले थे। मुख्यमंत्री ने सागर मेडिकल कॉलेज में अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा भी की थी।
मौके पर पुलिस बल तैनात
इसके बाद आरोपियों के ठिकानों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि शराब कांड में शामिल या अवैध गतिविधियों से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों स्थानों पर प्रशासन की कार्रवाई जारी है और मौके पर पुलिस बल तैनात है। शराब कांड के बाद लगातार हो रही कार्रवाई से आरोपियों और अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

ये भी पढ़ें- सागर शराब कांड पर सीएम डॉ. मोहन यादव का एक्शन: न्यायिक जांच के आदेश; दिलीप कुमार बने नए कमिश्नर और इरशाद वली IG
संजय जैन, SDM
वसीम कुरैशी, संवाददाता, सागर

