सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा एक्शन: 20 हजार के इनामी रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर, भागने पर पुलिस ने पैर में मारी गोली
Published:
3 min read

20 हजार का इनामी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, अस्पताल में भर्ती।
सागर/बंडा। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में सामने आए जहरीली शराब कांड में पुलिस का एक्शन लगातार जारी है। पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी रवि लखेरा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को चकमा देकर भागने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
हनुमान टोंग इलाके में मिली थी आरोपी की लोकेशन
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि बंडा जहरीली शराब कांड से जुड़ा इनामी आरोपी रवि लखेरा बरायठा थाना क्षेत्र के हनुमान टोंग इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही रवि लखेरा ने मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी के भागने पर पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी को मेडिकल कॉलेज किया रेफर
गोली लगने के बाद रवि लखेरा को तत्काल बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस की निगरानी में उपचाररत है।
ललितपुर से जुड़े शराब तस्करी नेटवर्क की जांच
पुलिस के मुताबिक, रवि लखेरा अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़ा आरोपी है। जांच के दौरान उसके जरिए बंडा जहरीली शराब कांड के तार ललितपुर से जुड़े होने की जानकारी सामने आई थी। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर शराब की सप्लाई, तस्करी के नेटवर्क और इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की तैयारी में है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के बाद अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
जहरीली शराब कांड के बाद लगातार कार्रवाई
बंडा जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस अवैध शराब के कारोबार और तस्करी से जुड़े लोगों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध शराब के नेटवर्क में हड़कंप की स्थिति है।

