दीपावली से पहले रीवा में पटाखा कारोबार पर संकट: लाइसेंस निरस्त होने से थोक और फुटकर व्यापारियों की पूंजी फंसी; कलेक्ट्रेट पहुंचकर लगा रहे गुहार
Published:
2 min read

थोक और फुटकर पटाखा कलेक्ट्रेट पहुंचकर लगा रहे गुहार।
रीवा। जिले में दीपावली से पहले पटाखा कारोबार पर संकट गहराता जा रहा है। थोक विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त होने के करीब दो महीने बाद भी मामला नहीं सुलझा है। इससे थोक और फुटकर व्यापारियों की पूंजी फंस गई है। व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचकर जल्द फैसले की मांग कर रहे हैं। उन्हें डर है कि देरी से त्योहार पर बिक्री प्रभावित होगी।
पटाखा विक्रेता कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे
अपनी समस्या लेकर थोक और फुटकर पटाखा विक्रेता गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। व्यापारियों के मुताबिक, उन्हें बताया गया कि कलेक्टर भोपाल में हैं। इस कारण उन्हें तत्काल कोई समाधान नहीं मिल सका।
पूंजी फंसी, फुटकर दुकानदारों की बढ़ी चिंता
फुटकर विक्रेताओं का कहना है कि वे पटाखों के कारोबार में अपनी पूंजी लगा चुके हैं, लेकिन थोक विक्रेताओं से माल नहीं मिल पा रहा है। लाइसेंस निरस्त होने के बाद कारोबार की स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में दुकानदारों को चिंता है कि यदि समय पर पटाखे नहीं मिले, तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
थोक व्यापारियों ने लाइसेंस निरस्त करने पर उठाए सवाल
थोक विक्रेताओं का कहना है कि उन्होंने फुटकर व्यापारियों से अग्रिम राशि ली है और इसी पूंजी के आधार पर कारोबार की तैयारी की है। अब बिक्री प्रभावित होने से उनके सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
व्यापारियों ने सवाल उठाया कि मार्च में जिस स्थान के लिए लाइसेंस जारी किया गया था, उसी स्थान का लाइसेंस बाद में निरस्त कर दिया गया। उनका कहना है कि यदि संबंधित स्थान पर आबादी होने के कारण लाइसेंस निरस्त किया गया है, तो यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि मार्च में लाइसेंस जारी करते समय इन परिस्थितियों पर विचार क्यों नहीं किया गया। हालांकि, इस मामले में प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
दीपावली से पहले फैसले का इंतजार
दीपावली में अब कम समय बचा है। ऐसे में पटाखा कारोबार से जुड़े व्यापारियों की मांग है कि प्रशासन जल्द मामले का निराकरण करे, ताकि उन्हें कारोबार शुरू करने या आगे की स्थिति स्पष्ट होने का अवसर मिल सके। यदि समय रहते फैसला नहीं हुआ, तो त्योहार से पहले पटाखों की उपलब्धता और बिक्री पर असर पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें- रीवा में लेटराइट खनिज से भरे 7 हाइवा जब्त: ग्रामीणों के विरोध और वीडियो वायरल होने के बाद खनिज विभाग का एक्शन
थोक व्यापारी
थोक व्यापारी

