रीवा में मवेशी व्यापारी की हत्या: झाड़ियों में मिला बुजुर्ग का शव; पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
Published:
2 min read

रीवा में मवेशी व्यापारी का झाड़ियों में दबा मिला 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव।
रीवा। जिले के अतरैला थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय मवेशी व्यापारी की हत्या का मामला सामने आया है। व्यापारी बकरी खरीदने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश शुरू की तो बौलिया घाट के पास उनकी गाड़ी और कुछ दूरी पर मिट्टी व झाड़ियों के नीचे दबा शव मिला। शुरुआती आशंका है कि लूटपाट के बाद उनकी हत्या की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बकरी खरीदने निकले थे व्यापारी
मृतक की पहचान ग्राम चौखंडी निवासी 60 वर्षीय लखू चिकवा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह अपनी दोपहिया गाड़ी से बकरी और बकरे खरीदने के लिए अतरैला थाना क्षेत्र के ग्राम कुरौली की ओर निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
गाड़ी के पास मिला मिट्टी और झाड़ियों में दबा शव
खोजबीन के दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों को बौलिया घाट के पास व्यापारी की गाड़ी मिली। उससे कुछ दूरी पर मिट्टी और लकड़ी की झाड़ियों के नीचे उनका शव दबा हुआ मिला। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात लोगों ने रास्ते में व्यापारी को रोककर लूटपाट की और फिर उनकी हत्या कर दी। हालांकि, हत्या और लूट के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही अतरैला थाना पुलिस, डभौरा एसडीओपी, रीवा एएसपी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
नारायण कुम्हारे, एसडीओपी

