रवींद्र जडेजा रायसेन पहुंचे: शिवराज सिंह के साथ ओपन गाड़ी में घूमे, खेल महोत्सव का समापन, देखें वीडियो
Published: Updated:
3 min read

भोपाल। सोमवार (2 फरवरी) को रायसेन में सांसद खेल महोत्सव का समापन समारोह में हुआ। इस प्रोग्राम में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए। विदिशा सांसद शिवराज और जडेजा ने ओपन गाड़ी में ग्राउंड के चक्कर भी लगाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जडेजा यानी जज़्बा, जुनून और जीत की पारी का जश्न है। जो अपनी स्पिन से बल्लेबाज़ को क्लीन बोल्ड कर दे। जो आख़िरी ओवर में भी जीत की उम्मीद जगा दे और जो गेंदबाज़ी, बल्लेबाज़ी और फील्डिंग तीनों में कमाल कर दे। वही असली ऑलराउंडर होता है और युवाओं के लिए प्रेरणा है। खेल महोत्सव के फाइनल में क्रिकेट-कबड्डी खेलों के फाइनल रोमांचक मुकाबले हुए।
हर साल होगा खेल महाकुंभ
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रायसेन में आयोजित यह सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आनंद, प्रेम और स्नेह का कुंभ है। यह खेल महाकुंभ 100 दिन पहले प्रारंभ हुआ, जिसमें 952 पंचायतों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि पंचायत, मंडल और विधानसभा स्तर के मुकाबलों के बाद आज क्रिकेट और कबड्डी खेलों में महिला और पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए। इस पूरे आयोजन में लगभग 1 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें बच्चों के साथ-साथ कहीं सास-बहू ने टीम बनाकर रस्साकशी की तो कहीं मां-बेटी की टीम ने खेलों में हिस्सा लिया।

रायसेन किले तक जाएगा रोपवे
केन्द्रीय मंत्री ने रायसेन वासियों को बड़ी सौगात देते हुए कहा कि रायसेन किले तक रोपवे की अनुमति भारत सरकार से प्राप्त हो चुकी है। अब रोपवे किले के ऊपर तक जाएगा और वहां एक भव्य म्यूजियम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही किले का सौंदर्यीकरण कर उसे पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा, जिससे रायसेन की ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
हर विधानसभा और गांव में खेल सुविधाएं
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि, प्रदेश में नई खेल संस्कृति का विस्तार किया जाएगा। हर विधानसभा में कम से कम एक आधुनिक खेल परिसर विकसित किया जाए। रायसेन का वर्तमान स्टेडियम अस्थायी है, जिसे स्थायी और आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाएं केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि हर गांव में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।

शिक्षा, कोचिंग और सामाजिक सशक्तिकरण
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस साल 10वीं और 12वीं में संसदीय क्षेत्र में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम सुंदर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तीन निशुल्क ‘मामा कोचिंग क्लास’ विदिशा, रायसेन और भैरूंदा में शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही संसदीय क्षेत्र के दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड साइकिल दी जाएगी, ताकि वो आत्मनिर्भर बन सकें।
रायसेन को बनेगा आदर्श जिला
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि रायसेन में मेडिकल कॉलेज खुलेगा, जिसकी घोषणा पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कर चुके है। साथ ही रायसेन में 12, 13 और 14 अप्रैल को किसान कुंभ और किसान मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान ही उनके जीवन की सबसे बड़ी सफलता है और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मामा कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
समारोह में जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
विदिशा सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खड़ेलवाल, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग सहित विदिशा–रायसेन संसदीय क्षेत्र के सभी विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजनों को ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बताया।

