निवाड़ी के पृथ्वीपुर में सरदार पटेल की 151वीं जयंती मनाई: डेयरी फेडरेशन ने आयोजित किया विशेष कार्यक्रम, देश की एकता में उनके योगदान को किया याद
Published:
2 min read

पृथ्वीपुर में सरदार पटेल की 151वीं जयंती मनाई, उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान।
निवाड़ी। जिले के पृथ्वीपुर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर सरदार पटेल कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें सरदार पटेल के जीवन और देश के लिए उनके योगदान को याद किया गया। साथ ही उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट काम करने वाले कर्मचारियों और प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इस मौके पर महेसाणा जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ के प्लांट ओनर कौशल किशोर सोनी, एरिया मैनेजर सुभाष चौधरी, इंचार्ज राजेश आर्य और एरिया सुपरवाइजर प्रकाश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण देखा और उनका संबोधन भी सुना।
देश की एकता में पटेल के योगदान को किया याद
कार्यक्रम में वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देश की अलग-अलग रियासतों को एकजुट किया। उनके प्रयासों से भारत की एकता और अखंडता मजबूत हुई। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन और उनके आदर्श आज भी लोगों को देशहित में काम करने की प्रेरणा देते हैं।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान डेयरी उत्पादों और सहकारी दुग्ध उत्पादन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और डेयरी फेडरेशन से जुड़े कर्मचारी शामिल हुए।
ये भी पढे़ं- निवाड़ी में त्यौहारों से पहले अतिक्रमण हटाने पर विवाद: नगर परिषद ने हाथ ठेले और टीन शेड हटाए...

