नीमच में आवारा कुत्तों का आतंक: रामपुरा में कुत्तों के झुंड ने 2 बच्चियों पर किया हमला; एक की हालत गंभीर
Published:
3 min read

फाइल फोटो।
नीमच। जिले के रामपुरा नगर में आवारा कुत्तों के हमले की दो घटनाओं ने लोगों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। एक ही दिन में दो मासूम बच्चियां आवारा कुत्तों के हमले में घायल हो गईं। इनमें एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे रामपुरा सिविल अस्पताल से नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद नगर परिषद की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में बच्ची पर हमला
पहली घटना में ग्राम जमालपुर निवासी मासूम मेहर गरासिया पर पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे रामपुरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने नीमच जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
दिनदहाड़े दूसरी बच्ची को बनाया निशाना
इसी दिन रामपुरा निवासी रोशनी, पिता दीपक माली भी आवारा कुत्तों के हमले का शिकार हो गई। शहर के बीच दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर अब गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है।
कई इलाकों में घूमते हैं कुत्तों के झुंड
स्थानीय लोगों के अनुसार रामपुरा के कई इलाकों में आवारा कुत्तों के झुंड लगातार घूमते रहते हैं। इसके साथ ही शहर में आवारा पशुओं की समस्या भी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद में पहले भी शिकायतें और आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
2 घटनाओं के बाद नगर परिषद की कार्रवाई पर सवाल
एक ही दिन में दो बच्चियों पर आवारा कुत्तों के हमले के बाद नगर परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों की धरपकड़, संवेदनशील इलाकों की पहचान और प्रभावी नियंत्रण व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
अभिभावकों ने जल्द कार्रवाई की मांग की
अभिभावकों का कहना है कि शहर में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए नगर परिषद को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए। लोगों का सवाल है कि जब लगातार आवारा कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, तो इन पर प्रभावी कार्रवाई कब होगी। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- दमोह में जुआ फड़ पर दबिश के बाद युवक की मौत: शव गांव पहुंचते ही मचा बवाल, पुलिस-ग्रामीण आमने-सामने
दीपक माली, घायल बच्ची के पिता
सुनील मुजवदिया, रहवासी

