उज्जैन में मोहर्रम जुलूस में भीड़ ने बैरिकेड तोड़े: बीजेपी विधायक बोले- संविधान को हाथ में लिया तो हाथ-पैर दुरस्त कर दिए जाएंगे, आयोजक समेत 16 पर FIR
Published:
2 min read

मोहर्रम के जुलूस के दौरान भीड़ ने पुलिस के लगाए बैरिकेड्स तोड़ दिए
उज्जैन में मोहर्रम के जुलूस के दौरान भीड़ ने पुलिस के लगाए बैरिकेड्स तोड़ दिए। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इस घटना में 2 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने आयोजक इरफान खान सहित 16 लोगों के खिलाफ जीवाजीगंज थाने में FIR दर्ज की है। CCTV फुटेज के आधार पर अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया जाएगा।
इस घटना पर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि, कानून व्यवस्था को हाथ में लेकर अनर्गल हरकत करने की अनुमति किसी को नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेफिक्र होकर सावन के महीने कावड़ यात्रा निकलेगी। वहीं बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि, ‘संविधान को हाथ में लिया तो हाथ-पैर दुरस्त कर दिए जाएंगे’
दरअसल, उज्जैन में कुछ लोग मुहर्रम जूलूस को प्रतिबंधित मार्ग से ले जा रहे थे। पुलिस के रोकने पर भी नहीं रूके। इस दौरान भीड़ ने पुलिस के लगाए बैरिकेड्स तोड़ दिए। उन्होंने घोड़ा लाकर बैरिकेड्स को हटा दिए। जिससे दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस को भीड़ को संभालने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
ऐसी घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी- रामेश्वर शर्मा
जुलूस में उपद्रव को लेकर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि चाहे उज्जैन की घटना हो या प्रदेश के किसी भी स्थान की घटना हो, ऐसी घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि खूब ईद मनाओ, खूब जुलूस निकालो खूब मोहर्रम का आयोजन करो, लेकिन ध्यान रखो, पुलिस प्रशासन ने जिस रूट पर जुलूस निकालने की अनुमति दी है, उसी रूट पर जुलूस निकाला जाएगा।
‘संविधान को हाथ में लिया तो हाथ-पैर दुरस्त कर दिए जाएंगे’
बीजेपी विधायक शर्मा ने कहा- ‘अगर किसी ने बाबा साहब अंबेडकर के संविधान के खिलाफ मनमर्जी से जुलूस निकालकर सरकारी संपत्ति को नुकसान या क्षतिग्रस्त और लोगों में दहशत पैदा करने की कोशिश की, तो कान खोलकर सुन लेना। उनके हाथ-पैर दुरुस्त कर दिए जाएंगे। भविष्य में ऐसे अपराधी उनके हाथ-पैर को देखकर इस तरह के अपराध करने की कोशिश नहीं कर पाएंगे’। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यह मध्यप्रदेश में डॉक्टर मोहन यादव जी की सरकार है। ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि भविष्य में उसको देखकर आतंकवाद या गुंडागर्दी करना लोग भूल जाएंगे।

