MP में फैली पेट्रोल-डीजल किल्लत की अफवाह: पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें, खाद्य मंत्री ने लोगों से कहा- घबराएं नहीं, पर्याप्त है स्टॉक
Published:
5 min read

पेट्रोल-डीजल भरवाने पंप पर लगी लोगों की भीड़ और लंबी लाइन।
भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर में मंगलवार रात को अचानक पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ने से शहर में हलचल का माहौल बन गया। पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह फैलने के बाद अचानक लोग पेट्रोल पंपों पर ईंधन लेने उमड़ पड़े। भोपाल के कई पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी लाइन नजर आई। वहीं इंदौर में भी करीब तीन दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। कई जगहों पर वाहन चालकों को पेट्रोल भरवाने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
क्यों अचानक पेट्रोल पंप पर उमड़ी भीड़?
दरअसल, पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर आशंका और कमी की अफवाह के कारण लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। लोगों को डर है कि कहीं अगले दिन पेट्रोल की कमी न हो जाए, जिसके चलते उन्होंने एहतियातन पहले ही पेट्रोल भरवाना शुरू कर दिया। हालांकि, इस स्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इंदौर कलेक्टर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि शहर में पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से पैनिक होकर पेट्रोल खरीदने से बचने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि बेवजह की भीड़ से न सिर्फ अव्यवस्था फैलती है, बल्कि आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नागरिक संयम बनाए रखें और आवश्यकतानुसार ही पेट्रोल भरवाएं।

खाद्य मंत्री गोविंद राजपूत ने भी किया सावधान
राजधानी भोपाल में भी मंगलवार देर रात तक पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ लगी रही। पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह से लोग आधी रात ईंधन लेने पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। लेकिन अब राजधानी में स्थिति सामान्य है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस उपलब्ध है। पेट्रोल की कमी को लेकर अनावश्यक भ्रम पर ध्यान ना दें, कुछ लोगों द्वारा अनावश्यक भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। कृपया अप्रमाणित सूचनाओं पर विश्वास ना करें और विश्वसनीय स्रोत से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।

भोपाल कलेक्टर ने की लोगों से अपील
अफवाहों के बीच भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह ने लोगों से सोशल मीडिया पर अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान नहीं दें, पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल डीजल और घरेलू गैस राजधानी में उपलब्ध है। किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, परेशान ना होने और अनावश्यक खरीदारी से बचने की कलेक्टर ने सलाह दी है।

हिन्दुस्तान पेट्रोलियम भी बोला - घबराओ मत!
पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह के बीच हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने भी अपनी आधिकारिक पोस्ट के जरिए कहा कि, ''देश भर में पेट्रोल-डीज़ल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है... ईंधन की आपूर्ति स्थिर है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। ग्राहकों से अनुरोध है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर खरीदारी (पैनिक बायिंग) न करें। कृपया सामान्य रूप से ही ईंधन का उपयोग जारी रखें। HPCL अपने नेटवर्क में बिना किसी रुकावट के सुचारु ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है..!''

आगर मालवा में भी फैली अफवाह
आगर मालवा जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह ने अचानक हालात बिगाड़ दिए। देर रात से शुरू हुई भीड़ का असर सुबह तक भी देखने को मिला, जहां सुबह भी पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। जिले में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह फैलते ही लोग बड़ी संख्या में पंपों पर पहुंचने लगे। हालात ऐसे बने कि लोग ड्रम और केनों में भी ईंधन भरवाते नजर आए। पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें देखी गईं, जिससे कुछ जगहों पर अव्यवस्था की स्थिति भी बन गई। हालांकि हकीकत कुछ और ही रही, पंपों पर लगातार टैंकर पहुंचते रहे और ईंधन की सप्लाई जारी रही। इधर, स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन भी सक्रिय नजर आया और कलेक्टर प्रीति यादव ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
देवास में 3 पेट्रोल पंप बंद
देवास मेंड़की रोड पर पेट्रोल पंप ब्लैक में पानी की बोतल में पैट्रोल एवं ड्रमों में पेट्रोल और डीजल दोने के आरोप लग रहे हैं। पंप पर लोगों की भीड़ ईंधन भराने पहुंच रही है। अफवाह के चलते आज सुबह से ही लोग पंप पर पेट्रोल और डीजल लेने पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि शहर के तीन पेट्रोल पंप बंद हैं। वहीं आरोप है कि शहर के तीन पेट्रोल पंप बंद होने का फायदा उठा रहा मेंडकी रोड पर पेट्रोल पंप मालिक, बिना किसी नियम के तहत पानी की बोतल एवं ड्रम में पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। महिलाएं और पुरुष लाइन में लगे हुए हैं।
इंदौर में पेट्रोल-डीजल के लिए मारामारी
इंदौर में तेल शॉर्टेज की अफवाहों से पैनिक हुए लोग
इंदौर में पेट्रोल-डीजल के लिए पंपो पर उमड़ी लोगों की भीड़
पेट्रोल-डीजल के लिए उमड़ी भीड़ को संभालने पहुंची पुलिस
एमएल मारू, जिला आपूर्ति नियंत्रक, इंदौर
भोपाल में पेट्रोल-डीजल लेने पहुंचे लोग
भोपाल में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पंपो पर पहुंचे लोग
भोपाल में पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ और लंबी कतारें लगी।
वायरल वीडियो, कुछ पेट्रोल पंप संचालक पर अपने नियम बनाकर पेट्रोल बेचने का आरोप
आगर मालवा में भी फैली अफवाह, पेट्रोल-डीजल लेने उमड़े लोग
पेट्रोल पंप पर पुलिस ने पहुंचकर संभाले हालात
प्रीति यादव, कलेक्टर, आगर-मालवा
देवास में पेट्रोल पंपों पर लगी लोगों की कतारें
देवास में पेट्रोल पंपों पर दिखी काफी भीड़
देवास में बड़े ड्रम और केन में पेट्रोल पंपों पर दिया जा रहा है पेट्रोल-डीजल
रोहित राठौड़, पेट्रोल लेने आए स्थानीय नागरिक
निशानी शर्मा, पेट्रोल लेने पहुंची स्थानीय नागरिक

