मुरैना में 2856 नशीले इंजेक्शन जब्त: सिटी कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े तीन आरोपी, 4.50 लाख का माल बरामद
Published:
2 min read

गिरफ्तार आरोपियों से सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी।
मुरैना। जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के कुल 2856 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े आरोपी
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति अवैध नशीले इंजेक्शनों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मयंक गुप्ता, अनिल उर्फ बब्बू गुप्ता और ईशान वर्मा को गिरफ्तार किया।
चार कंपनियों के इंजेक्शन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टर्मांग कंपनी के 1060, पीटीआर्मिन कंपनी के 470, टर्मिंड कंपनी के 336 और मेफप्रो कंपनी के 890 इंजेक्शन जब्त किए। इस तरह कुल 2856 इंजेक्शन बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 4.50 लाख रुपए आंकी गई है।
तीनों आरोपी मुरैना के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों में मयंक गुप्ता 35, निवासी बालाजी पैलेस के पास कोतवाली, अनिल उर्फ बब्बू गुप्ता 51, निवासी फाटक बाहर बालाजी अपार्टमेंट और ईशान वर्मा 30, निवासी विक्रम नगर बाबू बाहर शामिल हैं। यह कार्रवाई एसपी धर्मराज मीणा के निर्देश पर एएसपी सुरेंद्र पाल सिंह डाबर और सीएसपी कवीन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब आरोपियों से इंजेक्शनों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

