मैहर में 1.4 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार: रामनगर पुलिस ने हटवा नई बस्ती में दी दबिश, नेटवर्क की तलाश जारी
Published:
2 min read

रामनगर पुलिस ने गांजे के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया।
मैहर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रामनगर पुलिस ने हटवा नई बस्ती में दबिश देकर 1 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में अशोक द्विवेदी (50) को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 16 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हटवा नई बस्ती निवासी अशोक द्विवेदी अपने घर में अवैध रूप से गांजा रखे हुए है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी रामनगर निरीक्षक विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।
घर की तलाशी में मिला 1.4 किलो गांजा
पुलिस टीम को घर के गेट पर एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम अशोक द्विवेदी, पिता रघुनाथ प्रसाद द्विवेदी, उम्र 50 वर्ष, निवासी हटवा नई बस्ती, थाना रामनगर, जिला मैहर बताया। इसके बाद घर की तलाशी लेने पर काले रंग की प्लास्टिक की थैलियों में रखा 1 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत की गई।

