इंदौर में आज से सजेगा मध्य प्रदेश लीग का रोमांच: रजत पाटीदार समेत 10 से ज्यादा IPL स्टार दिखाएंगे दम; 10 टीमों में होगी टक्कर
Published:
3 min read

इंदौर। आईपीएल 2026 के रोमांच के बाद अब मध्य प्रदेश क्रिकेट प्रेमियों की नजरें मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) पर टिक गई हैं। इंदौर में आज से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा। इंदौर में पहली बार खेली जा रही ये लीग कई मायनों में खास है, क्योंकि इसमें आईपीएल और घरेलू क्रिकेट के कई बड़े नाम मैदान पर उतरेंगे। टी-20 फॉर्मेट में होने वाले इस टूर्नामेंट का यह तीसरा संस्करण है। पिछले दोनों सत्र ग्वालियर में खेले गए थे।
IPL स्टार्स से सजेगा MPL
इस टूर्नामेंट में रजत पाटीदार, वेंकटेश अय्यर, आवेश खान, आशुतोष शर्मा, कुमार कार्तिकेय, अर्शद खान, अनिकेत वर्मा समेत 10 से अधिक आईपीएल खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों का मानना है कि मध्य प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और यह लीग युवा क्रिकेटरों को अपनी पहचान बनाने का शानदार अवसर प्रदान करेगी।
आरसीबी को खिताब दिलाने वाले रजत पाटीदार ने युवा खिलाड़ियों से अपील करते हुए कहा कि हर मैच को एक बड़े अवसर की तरह लें और अपना शत-प्रतिशत प्रदर्शन दें, क्योंकि एक अच्छा प्रदर्शन किसी भी खिलाड़ी का करियर बदल सकता है।
इनकी बीच होगा पहला मुकाबला
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला ग्वालियर चीता और उज्जैन फाल्कंस के बीच आज शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। इसके बाद 4 जून से प्रतिदिन दो से तीन मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
ऑक्शन में दिखा रोमांच
एमपीएल का ऑक्शन भी काफी चर्चा में रहा। आईपीएल में करोड़ों रुपए पाने वाले कई खिलाड़ियों को यहां अपेक्षाकृत कम कीमत में खरीदा गया।
इंदौर के तेज गेंदबाज आवेश खान पर सभी की नजरें थीं, लेकिन सीमित बजट के कारण चंबल घड़ियाल ने उन्हें 8.20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। आईपीएल में 9.75 करोड़ रुपए पाने वाले आवेश के लिए इससे कहीं बड़ी बोली की उम्मीद की जा रही थी। वहीं, ऑक्शन में सबसे बड़ी बोली आशुतोष शर्मा पर लगी। 3 लाख रुपए के बेस प्राइस से शुरू हुई बोली 15 लाख रुपये तक पहुंची और मालवा स्टैलियंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया।
MPL में शामिल 10 टीमें
- इंदौर पिंक पैंथर्स
- भोपाल लेपर्ड्स
- बुंदेलखंड बुल्स
- चंबल घड़ियाल
- ग्वालियर चीता
- जबलपुर रॉयल लॉयंस
- रीवा जगुआर
- मालवा स्टैलियंस
- उज्जैन फाल्कंस
- रॉयल निमाड़ ईगल्स
इन स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
इस सीजन में क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इन खिलाड़ियों पर रहेंगी।
- रजत पाटीदार
- आवेश खान
- वेंकटेश अय्यर
- आशुतोष शर्मा
- अर्शद खान
- अनिकेत वर्मा
- माधव तिवारी
- कुमार कार्तिकेय
- कुलवंत खेजरोलिया
- सौम्य पांडे
- शिवांग कुमार
- ऋषभ चौहान
- सागर सोलंकी
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को उम्मीद है कि यह लीग प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। IPL के बाद अब क्रिकेट का रोमांच MPL के जरिए मध्य प्रदेश में देखने को मिलेगा।
महाआर्यमन सिंधिया, MPCA अध्यक्ष

