विधायक संजय पाठक की फर्म से डेढ़ करोड़ की साइबर ठगी: पांचवां आरोपी ग्वालियर से गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
Published:
3 min read

विधायक संजय पाठक, फाइल फोटो।
कटनी। विधायक संजय पाठक की फर्म से करीब डेढ़ करोड़ रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को ग्वालियर से गिरफ्तार कर कटनी लाया है। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया, जिसके बाद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, विधायक संजय पाठक की कंपनी के खाते से दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर की गई रकम के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में जुटी हुई है। इसी जांच के दौरान ग्वालियर के सिरोली निवासी दीपक यादव का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने उसे ग्वालियर से गिरफ्तार किया है।
दीपक के खाते में भेजे गए थे 10 लाख रुपए
जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम में से करीब 10 लाख रुपए दीपक यादव के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद उसने यह रकम दूसरे खातों में भेज दी। अब पुलिस रिमांड के दौरान दीपक से उन खातों और उनसे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर मामले में शामिल अन्य आरोपियों तक भी पहुंच बनाई जा सकती है। पुलिस के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
अधिकारी की आवाज बदलकर अकाउंटेंट से कराई थी रकम ट्रांसफर
पुलिस जांच के अनुसार, साइबर ठगों ने विधायक की कंपनी के एक अधिकारी के नाम से फर्जी आईडी तैयार की और आवाज बदलकर कंपनी के अकाउंटेंट से संपर्क किया। इसके बाद अकाउंटेंट को विश्वास में लेकर 12 अगस्त को करीब डेढ़ करोड़ रुपए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। बाद में कंपनी के अधिकारियों को पता चला कि संबंधित अधिकारी ने इस तरह की कोई रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा ही नहीं था। इसके बाद मामले की शिकायत रंगनाथ नगर थाना में दर्ज कराई गई।
पहले चार आरोपी करेली से पकड़े गए
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और रकम जिन खातों में पहुंची, उनकी पड़ताल की। इसी आधार पर पुलिस ने नरसिंहपुर जिले के करेली से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों के खातों में ठगी की रकम में से चार लाख रुपए से अधिक पहुंचने की जानकारी सामने आई थी। अब ग्वालियर से पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ठगी की पूरी रकम के ट्रांजेक्शन और उससे जुड़े अन्य लोगों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मामले की जांच के लिए पुलिस की टीमें अन्य राज्यों में भी भेजी गई हैं।
जल्द पकड़े जाएंगे मुख्य आरोपी
एएसपी कमल मौर्य ने बताया कि मामले में पुलिस की टीमें लगातार जांच कर रही हैं। बैंक खातों और पैसों के ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले के मुख्य आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिल सकती है।
ये भी पढ़ें- विधायक संजय पाठक से 1.5 करोड़ की साइबर ठगी: व्हाट्सएप मैसेज के जरिए अकाउंटेंट को कंपनी डायरेक्टर के नाम से दिया झांसा

