फिल्म जॉली LLB 3 के गाने ‘भाई वकील है’ पर विवाद: एक्टर्स पर आरोप- वकीलों के पहनावे का मजाक बनाया, MP हाईकोर्ट में याचिका दायर
Published:
4 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क. अक्षय कुमार और अरशद वारसी की फिल्म ‘जॉली LLB 3’ 19 सितंबर को रिलीज होने वाली है। इसी बीच फिल्म के गाने ‘भाई वकील है’ को लेकर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। इस याचिका पर 9 सितंबर को सुनवाई होगी।
याचिका जबलपुर के वकील प्रांजल तिवारी ने दायर की है। उनका कहना है कि गाने में वकील और जज के पहनावे का मजाक बनाया गया है। बैंड और गाउन पहनकर डांस किया गया है, जो वकीलों की गरिमा के खिलाफ है।
दरअसल, इस गाने में अक्षय और अरशद वारसी वकील के किरदार में नजर आए हैं। यह गाना भी कोर्टरूम के सेट पर शूट किया गया है। इस पर याचिकाकर्ता का कहना है- इसमें जजों और वकीलों के किरदार को धूमिल किया जा रहा है। मैं राज्य सरकार, गृह मंत्रालय, भारत सरकार और सेंसर बोर्ड (CBFC) के चेयरमैन से अनुरोध करता हूं कि इस गाने को फिल्म से हटाया जाए। ताकि जनता के मन में ज्यूडिशियल सिस्टम की छवि साफ बनी रहे।
फिल्म के खिलाफ पहले भी हो चुकी शिकायत
शिकायत 1: इसके पहले पुणे की एक सिविल कोर्ट ने अक्षय, अरशद और फिल्म के डायरेक्टर सुभाष कपूर के खिलाफ समन जारी किया था। तीनों पर आरोप है कि उनकी फिल्म में न्यायपालिका (Judiciary) का अपमान किया गया है। कोर्ट ने उन्हें सुनवाई के लिए 28 अक्टूबर सुबह 11 बजे पेश होने का आदेश दिया है।
एक सरकारी वकील वाजिद रहीम खान ने यह शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में ज्यूडिशियल सिस्टम और वकीलों को मजाकिया ढंग से दिखाया गया है। ANI से बातचीत में वकील ने कहा- फिल्म में जजों के लिए ‘मामा’ जैसे स्लैंग का इस्तेमाल किया गया है। यह उनका अपमान है। वकीलों का सम्मान होना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो यह शिकायत सबसे पहले 2024 में फिल्म का पहला टीजर सामने आने के बाद ही की गई थी।
शिकायत 2: अजमेर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रभान राठौड़ ने फिल्म के खिलाफ केस दायर किया था। चंद्रभान राठौड़ का भी कहना था कि फिल्म के जरिए ज्यूडिशियल सिस्टम का अपमान किया जा रहा है। हालांकि, इस याचिका को राजस्थान हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। कोर्ट का कहना था कि केस संदेह पर नहीं चल सकता। फिल्म अभी बन रही है। ऐसे में ये कहना की फिल्म में जज और वकीलों की इमेज को खराब किया जा रहा है गलत होगा।
कोर्ट ने आगे कहा- सिनेमैटोग्राफी एक्ट-1952 के तहत रिलीज से पहले फिल्म का कंटेंट पब्लिक नहीं किया जा सकता है। फिल्म के किसी सीन को लेकर अगर आपत्ति है तो इसके खिलाफ सेंसर बोर्ड में शिकायत करनी होगी। इस याचिका के खिलाफ अक्षय कुमार, अरशद वारसी और सुभाष कपूर ने हाईकोर्ट में रिवीजन याचिका भी दायर की थी।
पॉपुलर फिल्म फ्रेंचाइजी का हिस्सा है ‘जॉली LLB 3’
‘जॉली LLB 3’ कोर्ट ड्रामा पर बनी पॉपुलर फ्रेंचाइजी जॉली LLB का हिस्सा है। इसका पहला पार्ट 2013 में रिलीज हुआ था। इसमें अरशद वारसी ने लीड रोल निभाया था। इस फिल्म को 10 करोड़ के बजट में बनाया गया था। इसने लगभग 50 करोड़ की कमाई की थी।
इसके बाद 2017 में ‘जॉली LLB-2 में अक्षय कुमार लीड रोल में थे। इसे 45 करोड़ के बजट में बनाया गया था। फिल्म ने दुनियाभर में 200 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया और सुपरहिट साबित हुई।
अब तीसरे पार्ट में अक्षय और अरशद साथ नजर आएंगे। सौरभ शुक्ला भी अहम किरदार में हैं। फिल्म का डायरेक्शन सुभाष कपूर ने किया है। इसे आलोक जैन और अजीत अंधारे ने स्टार स्टूडियो 18 के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 19 सितंबर 2025 को रिलीज होने वाली है।

