जबलपुर में बाथरूम के पानी से धोई जा रही थीं सब्जियां: इसी पानी से बन रहा था खाना, लाइसेंस निलंबित कर रेस्टोरेंट किया सील; रेलवे में सप्लाई होता था पैक्ड भोजन
Published:
3 min read

खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में खुलासा, पनीर-दाल और चावल के नमूने जांच के लिए भेजे गए, AI फोटो।
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान एक रेस्टोरेंट में गंभीर लापरवाही सामने आई है। साउथ सिविल लाइन स्थित सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट की रसोई में सब्जियां धोने और खाना बनाने के लिए बाथरूम के पानी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। किचन में गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों के बीच भोजन तैयार किया जा रहा था। जांच के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान को सील कर दिया।
मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई, क्योंकि रेस्टोरेंट में तैयार भोजन के पैकेट रेलवे में सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
शिकायत के बाद रेस्टोरेंट में जांच
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर गुरुवार को राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने साउथ सिविल लाइन, ग्वारीघाट और रामपुर स्थित तीन प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट और उसकी रसोई की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान किचन में गंदगी मिली। जांच में बाथरूम के पानी से सब्जियां धोने और खाना बनाने में भी इसी पानी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई।
रेलवे में सप्लाई होता था पैक्ड भोजन
जांच के दौरान रेस्टोरेंट संचालक ने अधिकारियों को बताया कि यहां तैयार किए जाने वाले भोजन के पैकेट रेलवे में सप्लाई किए जाते हैं। इस जानकारी के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से पनीर, दाल और चावल के नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा नियमों और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित कर रेस्टोरेंट को सील कर दिया।
मिठाई की दो दुकानों से भी लिए नमूने
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम ने ग्वारीघाट स्थित न्यू केशरवानी स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां से नारियल बर्फी और मगज के लड्डू के नमूने लिए गए।
वहीं, रामपुर स्थित मधु कलश स्वीट्स से आटे के लड्डू और पेड़े के नमूने एकत्र किए गए। विभाग के अनुसार, गुरुवार को संग्रहित किए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
त्यौहारों के दौरान जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्यौहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यात्रियों के लिए जरूरी सावधानी
रेलवे स्टेशन या यात्रा के दौरान भोजन खरीदते समय साफ-सफाई, पैकिंग और खाद्य प्रतिष्ठान की विश्वसनीयता पर ध्यान दें। हालांकि, इस मामले में लिए गए खाद्य नमूनों की अंतिम रिपोर्ट अभी सामने आना बाकी है।
ये भी पढ़ें- मोहन सरकार का किसानों के हित में बड़ा फैसला: अवकाश के दिनों में भी खुली रहेंगी सोयाबीन और मक्का खरीदी के लिए मंडियां

