जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में छात्र संगठन का प्रदर्शन: फीस और छात्रों की समस्याओं को लेकर नारेबाजी, छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग
Published:
3 min read

छात्रसंघ चुनाव और फीस समेत विभिन्न मुद्दों पर घेराव
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में बुधवार को मध्य प्रदेश स्टूडेंट यूनियन के छात्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए छात्रसंघ चुनाव, परीक्षा, रिजल्ट, फीस और संबल कार्ड सहित कई मुद्दे उठाए।
छात्रसंघ चुनाव नहीं होने पर सवाल
प्रदर्शन के दौरान मध्य प्रदेश स्टूडेंट यूनियन के अभिषेक पांडे ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद अब तक चुनाव नहीं हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार के अकादमिक कैलेंडर के अनुसार 8 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव होने थे लेकिन अभी तक चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों को समय पर परीक्षा नहीं होने, प्रश्नपत्र और रिजल्ट में गड़बड़ी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है उन्होंने डिग्री में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए।
निजी कॉलेजों की फीस पर कार्रवाई की मांग
छात्र संगठन ने निजी कॉलेजों द्वारा कथित तौर पर अधिक फीस वसूले जाने का मुद्दा भी उठाया। संगठन का आरोप है कि कई मामलों में छात्रों से कई वर्षों की फीस एक साथ वसूली जा रही है और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही। छात्रों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेने की मांग की।
संबल कार्ड स्वीकार नहीं करने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने संबल कार्ड से जुड़े छात्रों की समस्या भी उठाई आरोप है कि संबल कार्ड के माध्यम से प्रवेश लेने वाले छात्रों को विश्वविद्यालय से जुड़ी फीस के मामले में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पात्र छात्रों को शासन की योजनाओं का लाभ दिया जाए और उनसे नियमों के विपरीत फीस की वसूली नहीं की जाए।
कुलपति से संवाद नहीं होने का आरोप
अभिषेक पांडे ने विश्वविद्यालय के कुलपति से छात्रों और छात्र संगठनों का संवाद नहीं होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को सुनने के लिए नियमित रूप से संवाद और शिकायत निवारण की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र हित से जुड़े मुद्दों पर कोई भी संगठन मांग लेकर आता है तो विश्वविद्यालय प्रशासन को उचित मांगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई।
अभिषेक पांडे, अध्यक्ष एमपीएसयू

