जबलपुर में बदमाशों ने दो भाईयों को लूटा : शराब के लिए पैसे नहीं देने पर चाकू से किया हमला, 1 की हालत गंभीर; फायरिंग कर छीने 6 हजार
Published:
3 min read

बदमाशों ने दो भाईयों पर चाकू से हमला किया, फाइल फोटो।
जबलपुर। बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि शराब पीने के लिए रुपए नहीं देने पर दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि घायल होने के बाद दोनों ने भागने की कोशिश की तो बदमाशों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपियों ने दोनों भाइयों से कुल 6 हजार रुपए लूट लिए और फरार हो गए। घटना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे रानीताल फ्लाईओवर के पास की है। हमले में एक भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है। लॉर्डगंज थाना पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
रानीताल फ्लाईओवर के पास दो बाइकों से पहुंचे आरोपी
अन्ना मोहल्ला निवासी मोहम्मद अथर अंसारी ने पुलिस को बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। मंगलवार रात वह अपने छोटे भाई मोहम्मद अली हुसैन के साथ मंडी में चाय पीने गया था। दोनों एक्सिस वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रानीताल फ्लाईओवर के पास साहू मोहल्ला निवासी सत्या सिंह राजपूत, सत्यम साहू और वीरू समेत पांच युवक दो बाइकों से पहुंचे और उन्हें रोक लिया।
शराब के लिए मांगे 2 हजार रुपए, विरोध करने पर चाकू मारा
अथर के मुताबिक आरोपियों ने चाकू दिखाकर शराब पीने के लिए 2 हजार रुपए मांगे। दोनों भाइयों ने रुपए देने से इनकार किया और वहां से निकलने की कोशिश की। इसी दौरान सत्या ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल होने के बावजूद दोनों भाइयों ने भागने की कोशिश की तो आरोप है कि सत्यम ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद अली हुसैन जमीन पर गिर पड़ा।
दोनों भाइयों से 6 हजार रुपए लूटकर फरार
अथर ने आरोप लगाया कि बदमाश उसके पास रखे 4 हजार रुपए और उसके भाई अली हुसैन के पास रखे 2 हजार रुपए लूटकर फ्लाईओवर की ओर भाग गए। राहगीरों ने दोनों भाइयों को खून से लथपथ हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। अथर के पैर में चाकू लगा है जबकि अली हुसैन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। अथर ने यह भी आरोप लगाया कि हमला करने वाले युवक पहले भी लूट और मारपीट जैसी वारदातों में शामिल रहे हैं।
पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
लॉर्डगंज थाना पुलिस ने घायलों की शिकायत के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मोहम्मद अथर अंसारी, पीड़ित

