इंदौर में RSS की बैठक का समापन: शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों और Gen-Z के रुझानों पर हुआ मंथन, मोहन भागवत समेत 400 प्रतिनिधि जुटे
Published:
2 min read

RSS के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक का समापन हुआ।
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक का आज यानी बुधवार को इंदौर में समापन होगा। डेली कॉलेज परिसर में 2 नवंबर से चल रही इस बैठक में संघ के शीर्ष नेतृत्व सहित देशभर से करीब 400 प्रतिनिधि शामिल हुए। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की मौजूदगी में संगठन के वर्तमान कार्यों और भविष्य की दिशा को लेकर व्यापक मंथन हुआ।
शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा
बैठक में विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। संघ की 100 साल की यात्रा के बाद संगठन के आगामी विस्तार, कार्यपद्धति और भावी रणनीति पर विशेष चर्चा हुई। शताब्दी वर्ष के दौरान हुए आयोजनों के प्रभाव और आगे की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।
Gen-Z और युवाओं पर संघ का फोकस
बैठक में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और जनरेशन Z यानी Gen-Z के बदलते रुझानों को लेकर भी चर्चा हुई। शिक्षा के क्षेत्र में विद्या भारती की भूमिका, विदेशों में संघ के कार्यों और संगठनात्मक विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषय भी एजेंडे में शामिल रहे।
तीन ऐतिहासिक व्यक्तित्वों पर वक्तव्य
सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने तीन ऐतिहासिक व्यक्तित्वों पर भी वक्तव्य जारी किए। कुल मिलाकर यह बैठक संघ के शताब्दी वर्ष के बाद संगठन की भावी दिशा, सामाजिक चुनौतियों और राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार की रणनीति तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली की ‘वोट चोर गद्दी छोड़ रैली’ में गैरहाजिरी पर एक्शन: MP यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष-महासचिव समेत कई निलंबित

