इंदौर में नर्मदा जलप्रदाय का 12 घंटे का शटडाउन: 19 टंकियों से सप्लाई बंद, 150 से अधिक कॉलोनियों में गहराएगा जलसंकट, टैंकरों का रहेगा सहारा
Published:
2 min read

इंदौर में 12 घंटे का वॉटर शटडाउन
इंदौर। पानी को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। नर्मदा जलप्रदाय के पहले और दूसरे चरण में नगर निगम ने 12 घंटे का शटडाउन लिया है। सुबह 9 से रात 9 बजे तक चलने वाले मेंटेनेंस के कारण 19 पानी की टंकियों से सप्लाई प्रभावित होगी। इसका असर 150 से ज्यादा कॉलोनियों पर पड़ने की संभावना है।
7 जगहों पर मरम्मत, लीकेज सुधार पर फोकस
नगर निगम कैसरबाग रेलवे क्रॉसिंग, महू रोड पुलिया, अन्नपूर्णा, MCTE महू, बिजलपुर कंट्रोल रूम और डाइट के पास समेत 7 स्थानों पर पाइपलाइन इंटरकनेक्शन, लीकेज सुधार और मेंटेनेंस का काम करेगा। इसके चलते शहर के कई इलाकों में जलापूर्ति बाधित रहेगी।
इन क्षेत्रों में बढ़ सकती है परेशानी
अन्नपूर्णा, राज मोहल्ला, सदर बाजार, गांधी हॉल, नवलखा, बाणगंगा, जिंसी हाट, छत्रीबाग, लोकमान्य नगर, सुदामा नगर, छावनी, एमजी रोड, स्कीम नंबर 103 और द्रविड़ नगर सहित कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई प्रभावित होगी।
टैंकरों के भरोसे रहेंगे लोग
नगर निगम के मुताबिक, जरूरत के अनुसार टैंकरों से पानी पहुंचाया जाएगा। लोगों को सलाह दी गई है कि वे पहले से पानी का पर्याप्त इंतजाम कर लें। मरम्मत पूरी होने के बाद जलापूर्ति सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

