चूहों ने दो नवजातों के हाथ कुतरे, दोनों की मौत : इंदौर के MY अस्पताल का मामला, लापरवाही के आरोप में दो नर्सिंग अफसर सस्पेंड
Published:
2 min read

इंदौर के एमवाय हॉस्पिटल के NICU बार्ड में चूहे ने दो नवजातों को कुतरा
मध्य प्रदेश डेस्क: इंदौर के सबसे पुराने सरकारी अस्पताल MY से झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां NICU ( नवजात शिशु गहन चिकित्सा) में एडमिट दो नवजातों के हाथ चूहों ने कुतर दिए। इनमें से एक बच्चे की मौत मंगलवार को हुई, जबकि दूसरे की बुधवार को। नवजातों की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने इसे नकार दिया कि चूहे के काटने से नवजातों की मौत हुई।
मंगलवार को पहले नवजात की मौत बाद नर्सिंग स्टाफ पर कार्रवाई भी हुई। दो नर्सिंग ऑफिसर को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही अस्पताल के प्रभारी समेत अन्य अधिकारियों से जवाब मांगा गया था।
अस्पताल ने चूहों का ठीकरा परिजनों पर फोड़ा
नवजात की मौत के बाद हॉस्पिटल में काफी हंगामा हुआ। आरोप है कि लंबे वक्त से हॉस्पिटल में चूहों की शिकायत है। लेकिन हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उधर, हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने इसका सारा ठीकरा परिजनों पर फोड़ दिया। हॉस्पिटल का कहना है कि चूहों की संख्या बहुत अधिक है। ये चूहे परिजनों के अस्पताल में खाना लाए जाने की वजह से बढ़े हैं। इन्हें कंट्रोल करना मुश्किल है।
डॉक्टरों ने कहा- इंफेक्शन से हुई बच्चे की मौत
पहले बच्चे की मौत के बाद डॉक्टर ने बताया था, नवजात की मौत सेप्टीसीमिया (इंफेक्शन) से हुई। अस्पताल के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया के मुताबिक, नवजात का वजन 1.2 किलो था। जबकि हीमोग्लोबिन भी बहुत कम था। उसे सर्जिकल संबंधी काफी तकलीफ थी। डीन ने कहा- उसकी मौत का कारण चूहे का काटना नहीं है।
मोहम्मद ताहिर की रिपोर्ट...

